देश की विविधता हमारी सबसे बड़ी ताकत, युवा 2047 के विकसित भारत की नींव : उप मुख्यमंत्री अरुण साव

रायपुर । छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी विविधता और सांस्कृतिक एकता है। देश में हर 20-25 किलोमीटर पर भाषा, खानपान और वेशभूषा बदल जाती है, लेकिन इन विविधताओं के बावजूद हम सभी एक हैं। यही भारत की वास्तविक पहचान और ताकत है।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नवा रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में भारत सरकार के ‘वंदे मातरम शिविर’ के तहत छत्तीसगढ़ भ्रमण पर आए छह राज्यों के 150 युवाओं से मुलाकात की। त्रिपुरा, महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर से आए इन युवाओं ने सात दिवसीय प्रवास के दौरान छत्तीसगढ़ की संस्कृति, कला, खानपान, इतिहास, पुरातात्विक विरासत और विकास कार्यों को करीब से जाना। प्रवास के अंतिम दिन युवाओं ने उप मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अपने अनुभव साझा किए।

2047 के विकसित भारत की जिम्मेदारी युवाओं के कंधों पर

युवाओं को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण और उसका नेतृत्व करने की जिम्मेदारी आज की युवा पीढ़ी के कंधों पर होगी। देश के युवाओं में वह योग्यता, क्षमता और आत्मविश्वास है, जिसके बल पर भारत को विश्व में अग्रणी बनाया जा सकता है।

उन्होंने युवाओं से देश की संस्कृति, सभ्यता और गौरव के प्रति सम्मान रखते हुए विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इस लक्ष्य को हासिल करने की सबसे बड़ी ताकत युवा पीढ़ी है।

सात दिनों में बने 200 दोस्त नहीं, 200 नए परिवार

उप मुख्यमंत्री ने युवाओं से कहा कि सात दिनों के इस वंदे मातरम शिविर से वे केवल अनुभव लेकर नहीं लौट रहे हैं, बल्कि जीवनभर काम आने वाली अनमोल पूंजी लेकर जा रहे हैं। यहां मिले अनुभव उन्हें कठिन परिस्थितियों का सामना करने की ताकत और आत्मविश्वास देंगे।

उन्होंने कहा कि इन सात दिनों में आपने केवल 200 दोस्त नहीं बनाए, बल्कि देशभर में 200 नए परिवारों से रिश्ते जोड़े हैं। यही आत्मीयता, स्नेह और आपसी जुड़ाव भारत की वास्तविक ताकत है।

‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करना जरूरी

अरुण साव ने कहा कि भारत की विशेषता विविधता में एकता है। भाषा और भौगोलिक सीमाएं कभी हमारी एकता में बाधा नहीं बनीं। ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को साकार करना ही वंदे मातरम शिविर का मूल उद्देश्य है।

उन्होंने कहा कि युवाओं के बीच आपसी जुड़ाव और देश के प्रति समर्पण जितना मजबूत होगा, भारत उतना ही सशक्त बनेगा। नई शिक्षा नीति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आधुनिक शिक्षा के साथ युवाओं को अपनी संस्कृति, सभ्यता, संस्कार, अध्यात्म और परंपराओं का ज्ञान भी होना चाहिए। समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक पीढ़ी की प्रतिभा मिलकर भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकती है।

आत्मविश्वास और धैर्य ही सफलता की कुंजी

युवाओं को सफलता का मंत्र देते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन में चुनौतियां हर कदम पर आती हैं। सफलता उसी व्यक्ति को मिलती है, जिसमें आत्मविश्वास, धैर्य और विपरीत परिस्थितियों से मुकाबला करने का साहस होता है।

उन्होंने कहा कि निराशा और कठिनाइयों से घबराने के बजाय संघर्ष करते हुए आगे बढ़ना चाहिए। युवाओं को शिविर से मिली ऊर्जा, उत्साह और वंदे मातरम की भावना को जीवनभर बनाए रखना चाहिए।

आदिवासी संग्रहालय से सिरपुर तक, छत्तीसगढ़ की विरासत से हुए रू-ब-रू

मेरा युवा भारत, रायपुर द्वारा 17 से 23 नवंबर तक आयोजित सात दिवसीय वंदे मातरम शिविर में छह राज्यों के कुल 150 युवाओं ने हिस्सा लिया। शिविर का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम, सांस्कृतिक एकता, सामाजिक सेवा की भावना और आधुनिक जीवन कौशल विकसित करना था। इसके साथ ही डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा और उद्यमिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी जागरूकता बढ़ाई गई।

सप्ताहभर के प्रवास के दौरान युवाओं ने राज्यपाल रमेन डेका से मुलाकात की। इसके अलावा सिरपुर, नवा रायपुर स्थित आदिवासी संग्रहालय, शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय, पुरखौती मुक्तांगन और छत्तीसगढ़ विधानसभा का भ्रमण किया।

युवाओं ने इन स्थलों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, कला, इतिहास, पुरातात्विक विरासत और विकास को करीब से समझा। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए विभिन्न राज्यों की परंपराओं और रहन-सहन से भी परिचित हुए।

सामाजिक सेवा, साइबर सुरक्षा और उद्यमिता पर भी हुआ संवाद

शिविर के दौरान युवाओं ने रायपुर स्थित ‘सियान गुड़ी’ वृद्धाश्रम एवं बालिका गृह का भ्रमण किया। यहां उन्होंने बुजुर्गों और बालिकाओं के साथ समय बिताकर सामाजिक संवेदनशीलता और सेवा भाव का अनुभव किया।

इसके साथ ही डिजिटल साक्षरता, साइबर अपराधों से बचाव और उद्यमिता से जुड़े संवादात्मक सत्र आयोजित किए गए। युवाओं को इन विषयों की व्यावहारिक जानकारी भी दी गई।

शिविर में जेठौनी तिहार (तुलसी विवाह), रंगोली प्रतियोगिता, विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और खाद्य महोत्सव के माध्यम से देश की विविध संस्कृतियों और खानपान की झलक देखने को मिली।

इस अवसर पर मेरा युवा भारत (MY Bharat) के राज्य समन्वयक अर्पित तिवारी भी उपस्थित रहे। सात दिवसीय शिविर ने विभिन्न राज्यों के युवाओं को एक-दूसरे की संस्कृति समझने, आपसी संबंध मजबूत करने और राष्ट्रीय एकता की भावना को आत्मसात करने का अवसर प्रदान किया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *