जशपुर । छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री एवं जशपुर जिले के प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी ने आज जशपुर प्रवास के दौरान भगवान बिरसा मुंडा चौक पहुंचकर धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर उन्होंने महान जननायक के अदम्य साहस, त्याग, संघर्ष और जनजातीय समाज के उत्थान में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया।
इस दौरान वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष, त्याग और बलिदान सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा। वे भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महान जननायक, समाज सुधारक और जनजातीय अस्मिता एवं स्वाभिमान के प्रतीक हैं। उन्होंने अल्पायु में ही अंग्रेजी शासन की शोषणकारी नीतियों और अन्याय के खिलाफ संघर्ष का बिगुल फूंका तथा जनजातीय समाज को संगठित कर अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए किया ऐतिहासिक संघर्ष
मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए ऐतिहासिक आंदोलन का नेतृत्व किया। उन्होंने जनजातीय समाज में आत्मसम्मान, एकता और अधिकारों के प्रति चेतना जागृत की। उनका संघर्ष केवल अंग्रेजी शासन के विरुद्ध नहीं था, बल्कि सामाजिक न्याय, सांस्कृतिक अस्मिता और जनजातीय समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए भी था।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने सामाजिक कुरीतियों को दूर करने और समाज को संगठित एवं सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके विचार और आदर्श आज भी समाज को एकता, स्वाभिमान और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देते हैं।
जनजातीय समाज का सशक्तिकरण ही सच्ची श्रद्धांजलि
वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों से प्रेरणा लेकर जनजातीय समाज के सम्मान, शिक्षा, आर्थिक सशक्तिकरण और सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए साहस, संघर्ष और राष्ट्रप्रेम की अनुपम मिसाल बना रहेगा।
जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी किया नमन
इस अवसर पर जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगाराम भगत, पूर्व राज्यसभा सांसद रणविजय सिंह जूदेव, कृष्णा राय, भरत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया।