रायपुर । बस्तर संभाग के ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक 2026 का आयोजन किया जा रहा है। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप ने मंगलवार को नारायणपुर के क्रीड़ा परिसर खेल मैदान में दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर वन मंत्री श्री कश्यप ने बालक एवं बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ को हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिताओं की शुरुआत की। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर ओलंपिक ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों की खेल प्रतिभाओं को सामने लाने का एक महत्वपूर्ण मंच बन रहा है। इसके माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं होते, बल्कि इनके माध्यम से अनुशासन, एकता, सहयोग और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल के साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी बेहतर प्रदर्शन करने और अपने जिले एवं प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के बाद अब जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बालक एवं बालिका खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। दो दिवसीय आयोजन में कबड्डी, खो-खो, दौड़, रस्साकसी, फुटबॉल और तीरंदाजी सहित विभिन्न पारंपरिक एवं आधुनिक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।
बस्तर ओलंपिक का प्रमुख उद्देश्य ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को उचित अवसर उपलब्ध कराना तथा युवाओं में खेलों के प्रति रुचि विकसित करना है। इसके साथ ही आयोजन के माध्यम से सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और सामुदायिक एकता को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें भविष्य में खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष श्री इंद्रप्रसाद बघेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री प्रताप सिंह मंडावी, कलेक्टर श्रीमती नम्रता जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, खेल प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।
बस्तर ओलंपिक के आयोजन से क्षेत्र के युवाओं में खेलों के प्रति नया उत्साह देखने को मिल रहा है। यह पहल स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान दिलाने के साथ उन्हें राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण अवसर प्रदान कर रही है।