मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रिपरिषद की बैठक शुरू, कई अहम प्रस्तावों पर होगी चर्चा

रायपुर । छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास में मंत्रिपरिषद की महत्वपूर्ण बैठक प्रारंभ हो गई है। बैठक में प्रदेश के विकास, किसानों के हितों, प्रशासनिक सुधारों और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की जा रही है।

आगामी विधानसभा के शीतकालीन सत्र को देखते हुए इस बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक में सत्र की तैयारियों, संभावित विधायी कार्यों और अनुपूरक बजट से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श होने की संभावना है।

इसके अलावा प्रदेश में जारी धान खरीदी व्यवस्था, किसानों को होने वाली समस्याओं, कृषि तकनीक, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार तथा विभिन्न विभागों के प्रस्तावों पर भी चर्चा संभावित है।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ विधानसभा का आगामी शीतकालीन सत्र 14 दिसंबर से प्रस्तावित है। ऐसे में सरकार की आगामी नीतियों और विधायी प्राथमिकताओं के लिहाज से मंत्रिपरिषद की यह बैठक अहम मानी जा रही है।

बैठक में लिए जाने वाले निर्णयों पर प्रदेश के किसानों, कर्मचारियों, युवाओं और आम नागरिकों की विशेष नजर रहेगी। मंत्रिपरिषद की बैठक के बाद सरकार की ओर से महत्वपूर्ण निर्णयों की आधिकारिक जानकारी जारी की जाएगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *