नई दिल्ली । भारत और जापान के बीच रणनीतिक एवं रक्षा सहयोग को और मजबूत करने के उद्देश्य से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर बुधवार से जापान की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान दोनों नेता टोक्यो में आयोजित होने वाली चौथी भारत-जापान ‘टू प्लस टू’ वार्ता में भाग लेंगे।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस उच्चस्तरीय वार्ता में दोनों देश अपनी व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाई देने के साथ रक्षा, सुरक्षा और द्विपक्षीय सहयोग से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे।
यात्रा के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइज़ुमी के साथ द्विपक्षीय रक्षा मंत्री स्तर की बैठक करेंगे। इसमें दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को और मजबूत बनाने तथा सुरक्षा संबंधों के विस्तार पर चर्चा होगी।
वहीं, विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी के साथ भारत-जापान विदेश मंत्रियों की रणनीतिक वार्ता में हिस्सा लेंगे। इस बैठक में द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं के साथ क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया जाएगा।
गौरतलब है कि भारत और जापान के बीच ‘टू प्लस टू’ वार्ता दोनों देशों के रक्षा एवं विदेश मंत्रियों को एक साझा मंच प्रदान करती है। इस व्यवस्था का उद्देश्य रणनीतिक समन्वय बढ़ाना, आपसी विश्वास मजबूत करना और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता एवं सुरक्षा के लिए सहयोग को आगे बढ़ाना है।
भारत और जापान के बीच मजबूत होते संबंधों को देखते हुए यह वार्ता दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इस यात्रा से रक्षा सहयोग, कूटनीतिक समन्वय और क्षेत्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में द्विपक्षीय संबंधों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।