मुंबई । बॉलीवुड अभिनेता अमित साध और ईशा धर्मेंद्र देओल अभिनीत फिल्म ‘प्रताप’ का नया गाना ‘कैसे जियेंगे’ रिलीज हो गया है। इस गाने को मशहूर गायक विशाल ददलानी ने अपनी दमदार और भावपूर्ण आवाज दी है। गीत में जुदाई का दर्द, टूटते रिश्तों और किसी अपने से बिछड़ने के बाद जिंदगी में आगे बढ़ने के संघर्ष को भावनात्मक अंदाज में पेश किया गया है।
प्रदीप रंगवानी और यूवी फिल्म्स द्वारा प्रस्तुत इस गाने का संगीत रोहन-रोहन ने तैयार किया है, जबकि इसके बोल रोहन गोखले ने लिखे हैं। संगीत की मधुरता और विशाल ददलानी की प्रभावशाली गायकी गाने के भावनात्मक पक्ष को उभारती है।
‘कैसे जियेंगे’ में रिश्तों में आई दूरी और अपनों से बिछड़ने के बाद पैदा होने वाले खालीपन को दर्शाया गया है। इसके जरिए फिल्म की कहानी के भावनात्मक पहलुओं की झलक भी देखने को मिलती है।
गौरतलब है कि फिल्म ‘प्रताप’ में अमित साध और ईशा धर्मेंद्र देओल मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म के इस नए गाने के रिलीज होने के बाद दर्शकों के बीच इसके संगीत और कहानी को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।