राष्ट्रपति भवन में गूंजी छत्तीसगढ़ की हस्तशिल्प परंपरा, 50 बेलमेटल शिल्पकारों से मिलीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु

रायपुर । छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और पारंपरिक हस्तशिल्प कला को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवपूर्ण पहचान मिली है। राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली में सोमवार को राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने छत्तीसगढ़ के कोंडागांव और रायगढ़ जिले से पहुंचे 50 बेलमेटल शिल्पकारों से मुलाकात की। इस विशेष अवसर पर प्रदेश की पीढ़ियों पुरानी शिल्प परंपरा, कलाकारों के हुनर और सांस्कृतिक विरासत को सम्मान मिला।

राष्ट्रपति भवन में आयोजित इस मुलाकात में छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत और सचिव श्री राजेश सिंह राणा भी उपस्थित रहे। राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु ने छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड के अंतर्गत पंजीकृत बेलमेटल शिल्पकारों से भेंट करने की इच्छा व्यक्त की थी। इसी के तहत 50 शिल्पकारों का प्रतिनिधिमंडल नई दिल्ली पहुंचा और राष्ट्रपति से मुलाकात की।

बस्तर की ढोकरा कला ने राष्ट्रीय स्तर पर बिखेरी चमक

छत्तीसगढ़ की बेलमेटल कला, विशेषकर बस्तर की प्रसिद्ध ढोकरा शिल्प परंपरा, अपनी अनूठी निर्माण शैली और बारीक कारीगरी के लिए देशभर में पहचान रखती है। इस पारंपरिक कला के माध्यम से शिल्पकार धातु से देवी-देवताओं, पशु-पक्षियों, लोकजीवन और विभिन्न पारंपरिक आकृतियों का निर्माण करते हैं। इन कलाकृतियों में छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति, लोक आस्थाओं और जीवनशैली की सुंदर झलक दिखाई देती है।

कोंडागांव और रायगढ़ के शिल्पकार पीढ़ियों से इस पारंपरिक कला को संरक्षित करते आ रहे हैं। बदलते समय के बावजूद इन कलाकारों ने अपने पारंपरिक ज्ञान, कौशल और कलात्मक विरासत को जीवंत बनाए रखा है।

शिल्पकारों के हुनर को मिला राष्ट्रीय मंच

राष्ट्रपति भवन में देश के विभिन्न क्षेत्रों के पारंपरिक कलाकारों और शिल्पकारों को अपनी कला एवं सांस्कृतिक विरासत प्रस्तुत करने का अवसर मिलता रहा है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ के 50 बेलमेटल शिल्पकारों की राष्ट्रपति से मुलाकात प्रदेश की समृद्ध हस्तशिल्प परंपरा को राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने की महत्वपूर्ण पहल साबित हुई।

यह अवसर शिल्पकारों के लिए केवल एक औपचारिक मुलाकात नहीं, बल्कि उनकी पीढ़ियों की साधना, मेहनत और पारंपरिक हुनर को मिली विशेष पहचान का प्रतीक है। राष्ट्रपति भवन तक पहुंचकर इन कलाकारों ने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक समृद्धि और पारंपरिक कारीगरी की विशिष्ट पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत किया।

इस पहल से छत्तीसगढ़ की पारंपरिक बेलमेटल कला को नई पहचान मिलने के साथ ही आने वाली पीढ़ियों में इस विरासत को संरक्षित करने और आगे बढ़ाने की प्रेरणा भी मिलेगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *