छठ महापर्व पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने अस्ताचलगामी सूर्यदेव को अर्पित किया संध्या अर्घ्य

रायपुर । लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ के अवसर पर महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री एवं बलरामपुर जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े बलरामपुर के सेंदुर नदी स्थित बैगा पारा छठ घाट पहुंचीं। यहां उन्होंने व्रतधारी महिलाओं एवं श्रद्धालुओं के साथ अस्ताचलगामी भगवान सूर्यदेव को विधि-विधान से संध्या अर्घ्य अर्पित किया।

इस पावन अवसर पर मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने छठी मैया से प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि, खुशहाली और कल्याण की कामना की। उन्होंने प्रदेशवासियों को छठ महापर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छठ पर्व आस्था, तप, संयम और पवित्रता का प्रतीक है। यह पर्व हमें प्रकृति, जल और सूर्यदेव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि छठ महापर्व केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सामूहिकता और आपसी सद्भाव का भी संदेश देता है। यह पर्व परिवार और समाज को एक सूत्र में पिरोने के साथ ही हमारी सांस्कृतिक परंपराओं और लोक आस्था को मजबूत करता है।

सेंदुर नदी के तट पर आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में पारंपरिक छठ गीतों और श्रद्धा-भक्ति का माहौल देखने को मिला। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों, व्रतधारी महिलाओं, श्रद्धालुओं सहित बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *