नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को चार दिवसीय छठ महापर्व के समापन पर देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर देशभर में श्रद्धालुओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर छठी मैया से परिवार, समाज और देश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपने संदेश में छठ महापर्व को प्रकृति के प्रति समर्पित एक दिव्य उत्सव बताया। उन्होंने कहा कि यह पर्व दृढ़ संकल्प, अनुशासन और आध्यात्मिक भक्ति का अद्भुत संगम है।
उन्होंने अपने संदेश में कहा कि चार दिनों तक चलने वाला छठ महापर्व उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न होता है। यह पर्व हमें प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और जीवन में अनुशासन एवं समर्पण का महत्व समझाता है।
गौरतलब है कि छठ महापर्व मुख्य रूप से बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश सहित देश के विभिन्न हिस्सों में बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में व्रती कठिन नियमों का पालन करते हुए भगवान सूर्य और छठी मैया की उपासना करते हैं।
महापर्व के अंतिम दिन सुबह श्रद्धालु नदी, तालाब और अन्य जलाशयों के किनारे एकत्रित हुए और उगते सूर्य को अर्घ्य देकर 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण किया। इसके साथ ही लोक आस्था का यह महापर्व श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में संपन्न हो गया।