किरंदुल। शासकीय हाई स्कूल कोड़ेनार क्रमांक-01 में शनिवार को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती जनजातीय गौरव दिवस के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन कर महान जननायक बिरसा मुंडा के संघर्ष, साहस और योगदान को याद किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्रों ने अपने लेख एवं भाषण के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा के जीवन संघर्ष, आदिवासी अस्मिता की रक्षा तथा स्वतंत्रता आंदोलन में उनके ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डाला।
इस दौरान शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। साथ ही विद्यार्थियों को इन योजनाओं के उद्देश्यों और समाज के विकास में उनकी भूमिका से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविन्द कुंजाम, भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष सुखदेव पोयम, पवित्र जाल, विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती उमा ठाकुर एवं श्रीमती रमशिला निषाद उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों, संघर्ष और समाज के प्रति उनके समर्पण से प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया।