शासकीय हाई स्कूल कोड़ेनार में हर्षोल्लास से मनाया गया बाल दिवस, बच्चों ने दी रंगारंग प्रस्तुतियां

किरंदुल। शासकीय हाई स्कूल कोड़ेनार क्रमांक-01 में शनिवार, 14 नवंबर 2026 को बाल दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम उपस्थित रहे। बाल दिवस के अवसर पर विद्यालय में भाषण प्रतियोगिता, कविता पाठ, विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी कला, प्रतिभा और रचनात्मकता का परिचय दिया।

इस दौरान युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष सुखदेव पोयम, युवा मोर्चा महामंत्री पवित्रो जाल, मंत्री हुर्रा कुंजाम, कोषाध्यक्ष राजेश मांडवी, बदरू ओयाम, लकमा ओयाम, शोमडू मंडावी, विद्यालय की प्राचार्य उमा ठाकुर, रमशिला निषाद सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय का निरीक्षण भी किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों की सुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। बच्चों के लिए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के संबंध में NMDC के CSR अधिकारी से चर्चा की गई। वहीं, विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विद्यालय परिसर में साइकिल स्टैंड निर्माण की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम ने प्राचार्य से विद्यालय की समस्याओं एवं आवश्यकताओं के संबंध में चर्चा करते हुए आश्वासन दिया कि स्कूल से संबंधित किसी भी समस्या की जानकारी उन्हें दी जाए, ताकि उसका शीघ्र निराकरण कराया जा सके।

कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस आयोजन ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ बाल दिवस के महत्व को समझने का अवसर प्रदान किया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *