रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गोवर्धन पूजा एवं छत्तीसगढ़ के पारंपरिक लोकपर्व गौरा-गौरी के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण एवं गौरा-गौरी से प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरंतर प्रगति की कामना की।
मुख्यमंत्री साय ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि गोवर्धन पूजा प्रकृति और गौवंश के प्रति श्रद्धा एवं कृतज्ञता व्यक्त करने का पर्व है। भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला हमें पर्यावरण, प्रकृति और जीव-जंतुओं के संरक्षण के साथ मिल-जुलकर रहने और एकजुटता का संदेश देती है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का पारंपरिक लोकपर्व गौरा-गौरी प्रदेश की समृद्ध लोकसंस्कृति, आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक है। यह पर्व ग्रामीण जीवन और हमारी पुरानी परंपराओं से गहराई से जुड़ा हुआ है। ऐसे त्योहार समाज में प्रेम, सद्भाव और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कामना की कि भगवान श्रीकृष्ण एवं गौरा-गौरी की कृपा से प्रदेश के खेत-खलिहान धन-धान्य से भरे रहें, किसानों के जीवन में खुशहाली आए और छत्तीसगढ़ के प्रत्येक परिवार में सुख, शांति एवं समृद्धि बनी रहे।