रायपुर । छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर एक प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की दिशा में राज्य सरकार ने पहल तेज कर दी है। इसी कड़ी में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में फिल्म शूटिंग को बढ़ावा देने और पर्यटन विकास के संबंध में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश की फिल्म निर्माण संभावनाओं, फिल्म नीति के नवीनीकरण और पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य सचिव विकासशील ने कहा कि छत्तीसगढ़ में फिल्म शूटिंग की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, जनजातीय परंपराएं और विविध पर्यटन स्थल फिल्म निर्माताओं को आकर्षित करने की क्षमता रखते हैं। आवश्यकता इस बात की है कि इन विशेषताओं को बेहतर ढंग से राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में फिल्म शूटिंग के लिए उपयुक्त और संभावनाशील स्थलों की पहचान कर उन्हें प्रोत्साहित किया जाए। साथ ही फिल्म निर्माताओं को छत्तीसगढ़ में शूटिंग के लिए अनुकूल वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए।
चित्रोत्पला फिल्म सिटी और फिल्म नीति के नवीनीकरण पर मंथन
बैठक में प्रस्तावित चित्रोत्पला फिल्म सिटी की संभावनाओं पर विशेष रूप से चर्चा की गई। इसके साथ ही राज्य की वर्तमान फिल्म नीति को अधिक प्रभावी एवं आकर्षक बनाने और फिल्म निर्माण से जुड़ी गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के उपायों पर विचार-विमर्श हुआ।
मुख्य सचिव ने कहा कि फिल्म निर्माण गतिविधियों को बढ़ावा मिलने से प्रदेश में पर्यटन उद्योग को नई गति मिलेगी। इसके साथ ही स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों, युवाओं और फिल्म निर्माण से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों के लोगों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
उन्होंने प्रदेश के प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन स्थलों को फिल्म निर्माताओं के सामने प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करने और छत्तीसगढ़ को फिल्म उद्योग के लिए पसंदीदा गंतव्य बनाने पर जोर दिया।
खाद्य प्रसंस्करण में प्रशिक्षण एवं तकनीकी सुविधाओं पर भी चर्चा
बैठक में निफ्टेम के प्रस्तावित भ्रमण को लेकर भी चर्चा हुई। इसके अलावा खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में प्रशिक्षण, तकनीकी सुविधाओं के विस्तार और इससे जुड़ी संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।
इस दौरान राज्य में पर्यटन विकास और औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के साथ स्थानीय स्तर पर कौशल विकास एवं रोजगार के अवसर बढ़ाने के विषय भी चर्चा के केंद्र में रहे।
वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव रजत कुमार, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिव अमित कटारिया, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ की प्रबंध संचालक संजीता गुप्ता तथा वाणिज्य एवं उद्योग विभाग की उप सचिव आकांक्षा शिक्षा खलखो सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में हुई चर्चा से स्पष्ट है कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक, सांस्कृतिक और पर्यटन संबंधी विशेषताओं को फिल्म उद्योग से जोड़कर प्रदेश की नई पहचान बनाने की दिशा में प्रयासरत है। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिल सकेगा।