किरंदुल। शासकीय हाई स्कूल कोड़ेनार क्रमांक-1 किरंदुल में मंगलवार को छत्तीसगढ़ राज्योत्सव-2026 हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य उमा ठाकुर, शिक्षिका पुष्पा सिंह सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यालयीन स्टाफ उपस्थित रहे।
राज्योत्सव के अवसर पर विद्यार्थियों की प्रतिभा और रचनात्मक क्षमता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से निबंध, भाषण एवं क्विज प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। निबंध प्रतियोगिता में माध्यमिक एवं हाई स्कूल स्तर के कुल 13 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। वहीं भाषण प्रतियोगिता में 7 तथा क्विज प्रतियोगिता में 6 छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को छत्तीसगढ़ की स्थापना, संस्कृति, परंपरा, उपलब्धियों और विकास यात्रा के बारे में अपनी जानकारी एवं विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिला।
कार्यक्रम का समापन विद्यालय की प्राचार्य उमा ठाकुर के उद्बोधन के साथ हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए ऐसे आयोजनों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। इसके पश्चात राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन किया गया।
विद्यालय परिवार की सहभागिता से आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों में छत्तीसगढ़ के प्रति गौरव, जागरूकता और सांस्कृतिक चेतना विकसित करने का महत्वपूर्ण अवसर बना।