तिल्दा-नेवरा। नगर के दशहरा मैदान स्थित बीएनबी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित राज्यस्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता-2026 का रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ समापन हुआ। उच्च शिक्षा विभाग के तत्वावधान में शासकीय महाविद्यालय तिल्दा-नेवरा द्वारा आयोजित इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेशभर के महाविद्यालयों से पहुंचे खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन और दमखम का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में रायपुर और राजनांदगांव सेक्टर की टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जीत हासिल करने के लिए पूरा जोर लगाया। मुकाबला अंतिम क्षणों तक रोमांचक बना रहा और मैदान में मौजूद दर्शक खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते रहे। एक समय जीत की ओर बढ़ती दिखाई दे रही रायपुर की टीम को राजनांदगांव सेक्टर के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए पराजित कर दिया। इस जीत के साथ राजनांदगांव सेक्टर ने प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर खिताब अपने नाम किया।
उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने खिलाड़ियों को किया पुरस्कृत
समापन समारोह में प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा मुख्य रूप से शामिल हुए। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, सहयोग, आत्मविश्वास और संघर्ष की भावना विकसित करते हैं।
मंत्री वर्मा ने कहा कि खेल हमें चुनौतियों का सामना करना, टीम भावना के साथ काम करना और निर्धारित लक्ष्य हासिल करना सिखाते हैं। खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये जीवन को बेहतर बनाने और व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि युवा खिलाड़ी इसी उत्साह और लगन के साथ आगे बढ़ेंगे तथा प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
तिल्दा-नेवरा महाविद्यालय के इतिहास में पहली बार राज्यस्तरीय आयोजन
शासकीय महाविद्यालय तिल्दा-नेवरा के इतिहास में पहली बार इस स्तर की महाविद्यालयीन राज्यस्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों की भागीदारी ने नगर में खेल गतिविधियों को नई पहचान दी। दो दिनों तक चले इस आयोजन से स्थानीय युवाओं और विद्यार्थियों को भी खेलों के प्रति प्रेरणा मिली।
प्रतियोगिता ने महाविद्यालयीन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और अन्य महाविद्यालयों के खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने का अवसर प्रदान किया। आयोजन से नगर में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलने के साथ विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क के महत्व का संदेश भी पहुंचा।
जनप्रतिनिधियों एवं खेलप्रेमियों की रही उपस्थिति
समापन समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. चंद्रकला वर्मा, भाजपा नेता राम पंजवानी, महेश अग्रवाल, चंद्र कुमार पाटिल, आकाश पंजवानी और सौरभ जैन सहित नगर एवं ग्रामीण अंचल के नागरिक, खेलप्रेमी तथा विभिन्न महाविद्यालयों से आए खिलाड़ी उपस्थित रहे।
राज्यस्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का सफल आयोजन एवं समापन तिल्दा-नेवरा के खेल जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि रहा। प्रतियोगिता ने युवा खिलाड़ियों को अपनी क्षमता साबित करने का मंच दिया और नगर में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक नई पहल की।