कला और कल्पनाशीलता से युवाओं ने दिया वन्यजीव संरक्षण का संदेश, प्रतियोगिताओं के विजेता सम्मानित

रायपुर । छत्तीसगढ़ में वन्यजीव संरक्षण और जैव विविधता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित वन्यजीव सप्ताह का समापन गुरुवार को नवा रायपुर स्थित अरण्य भवन के दंडकारण्य सभागार में हुआ। इस अवसर पर विभिन्न कला, ज्ञान और रचनात्मक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। युवाओं ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से वन्यजीवों और उनके प्राकृतिक आवासों के संरक्षण का संदेश दिया।

वन मंत्री श्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग तथा रायपुर वनमंडल द्वारा कलिंगा विश्वविद्यालय के हरित समूह और प्राणीशास्त्र विभाग के सहयोग से 2 से 8 अक्टूबर तक वन्यजीव सप्ताह मनाया गया। इस वर्ष आयोजन की थीम ‘जुड़ते प्राकृतिक आवास, फलते-फूलते वन्यजीव’ रखी गई थी।

रचनात्मक गतिविधियों से बढ़ाई पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता

वन्यजीव सप्ताह के दौरान विद्यार्थियों के लिए कई रचनात्मक और प्रकृति आधारित गतिविधियां आयोजित की गईं। इनमें कागज से आकृतियां और घोंसलों के प्रतिरूप बनाना, बीजगोलक (सीड बॉल) तैयार करना, वन्यजीव छायाचित्रण और प्रकृति भ्रमण जैसी गतिविधियां शामिल रहीं।

इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को वन्यजीवों के जीवन, प्राकृतिक आवासों की उपयोगिता और जैव विविधता के संरक्षण के महत्व से परिचित कराया गया। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाना और पर्यावरण संरक्षण में उनकी सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करना रहा।

शॉर्ट फिल्म और निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर

समापन समारोह में आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। शॉर्ट फिल्म मेकिंग प्रतियोगिता में कलिंगा विश्वविद्यालय के देवेश मिंज ने प्रथम, सिद्धांत नागपुरे ने द्वितीय और वर्षा साहू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

निबंध प्रतियोगिता में केंद्रीय विद्यालय की श्रेया साहू प्रथम, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उपरवारा की शैल्या साहू द्वितीय और पीएम श्री स्वामी आत्मानंद विद्यालय, माना कैंप के आकाश दास तृतीय स्थान पर रहे। वहीं, पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, माना कैंप की हेमा और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गनोद की दीपिका साहू को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।

युवाओं की भागीदारी से मजबूत होगा संरक्षण का संदेश

वन्यजीव सप्ताह के आयोजन ने विद्यार्थियों को कला, ज्ञान और अनुभव के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण से जुड़ने का अवसर दिया। प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले युवाओं ने अपनी प्रतिभा के जरिए वन्यजीवों के संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया।

समापन समारोह में प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख श्री अरुण कुमार पाण्डेय सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से वन्यजीव संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और नई पीढ़ी को जैव विविधता की रक्षा के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया गया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *