रायपुर । छत्तीसगढ़ के भटगांव विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत शिवनंदनपुर में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयासों से वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 31 विकास कार्यों को प्राविधिक स्वीकृति प्रदान की गई है। इन कार्यों पर कुल 2 करोड़ 33 लाख 44 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे।
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा 6 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली, कल्वर्ट और पेवर ब्लॉक फ्लोरिंग सहित कई निर्माण कार्य कराए जाएंगे। इन कार्यों से नगर में आवागमन की सुविधा बेहतर होने के साथ जल निकासी व्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
सड़क, नाली और कल्वर्ट का होगा निर्माण
स्वीकृत विकास कार्यों के अंतर्गत विभिन्न वार्डों में सीसी सड़कें बनाई जाएंगी। इसके साथ ही आरसीसी नालियों और कल्वर्ट का निर्माण किया जाएगा, जिससे बारिश के दौरान जल निकासी की समस्या को कम करने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
इसके अलावा पेवर ब्लॉक फ्लोरिंग के कार्य भी कराए जाएंगे। वार्ड क्रमांक 7 में देवगुड़ी और वार्ड क्रमांक 8 में सरना की बाउंड्री वॉल का निर्माण भी स्वीकृत किया गया है। इन कार्यों से स्थानीय स्तर पर आधारभूत संरचनाओं का विकास होगा।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की पहल से विकास को मिलेगी गति
नगर पंचायत शिवनंदनपुर में स्वीकृत इन कार्यों को क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। सड़कों और नालियों के निर्माण से लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, वहीं बेहतर जल निकासी से स्थानीय समस्याओं के समाधान में मदद मिलेगी।
नगर पंचायत अध्यक्ष श्री रितेश जायसवाल ने विकास कार्यों की स्वीकृति के लिए मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन कार्यों के पूरा होने से नगरवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं मिलेंगी।
विभागीय दिशा-निर्देशों और निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुसार इन विकास कार्यों का क्रियान्वयन किया जाएगा।