बेमेतरा में CM साय ने 81 शिक्षकों और 42 मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित, विकास कार्यों की भी दी सौगात

रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति, समाज और राष्ट्र की प्रगति का आधार है। जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए शिक्षा सबसे सशक्त माध्यम है और इस पूरी प्रक्रिया में शिक्षक की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। शिक्षक केवल किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व को गढ़ने के साथ उन्हें संस्कार और सही दिशा प्रदान करते हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय आज बेमेतरा के बेसिक स्कूल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान एवं प्रतिभावान विद्यार्थी सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने जिले के 81 सेवानिवृत्त शिक्षकों को शॉल, श्रीफल, स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं बोर्ड एवं महाविद्यालयीन परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 42 मेधावी छात्र-छात्राओं को विभिन्न सामाजिक संस्थाओं की ओर से गोल्ड मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

शिक्षक राष्ट्र निर्माता: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने सम्मानित शिक्षकों और विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि भारत में गुरु के सम्मान की गौरवशाली परंपरा रही है। शिक्षक अपने ज्ञान, अनुभव और संस्कारों से पीढ़ियों का निर्माण करते हैं। एक शिक्षक द्वारा दी गई शिक्षा का प्रभाव केवल एक विद्यार्थी तक सीमित नहीं रहता, बल्कि उसके परिवार, समाज और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचता है। यही कारण है कि शिक्षक को राष्ट्र निर्माता कहा जाता है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा अज्ञानता के अंधकार को दूर करने वाला ज्ञान का प्रकाश है। यह व्यक्ति को अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के साथ आत्मविश्वास और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करती है। शिक्षित और संस्कारित नागरिक ही सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र की नींव रखते हैं।

हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और समान अवसर देने पर जोर

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में अधोसंरचना और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान दे रही है। सरकार का प्रयास है कि संसाधनों या अवसरों के अभाव में छत्तीसगढ़ का कोई भी बच्चा पीछे न रहे। गांव और शहर, गरीब और संपन्न परिवार—हर बच्चे को अपनी प्रतिभा निखारने और अपने सपनों को पूरा करने के समान अवसर मिलना चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा के लिए आईआईटी, आईआईएम, एम्स और ट्रिपल आईटी जैसी प्रतिष्ठित राष्ट्रीय संस्थाएं उपलब्ध हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए नालंदा परिसर जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। नई दिल्ली में भी छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक परिस्थितियां प्रतिभावान विद्यार्थियों की शिक्षा में बाधा न बनें, इसके लिए छात्रवृत्ति, शिक्षा ऋण और विभिन्न प्रोत्साहन योजनाओं के माध्यम से सरकार विद्यार्थियों को सहयोग दे रही है। सरकार का उद्देश्य केवल शिक्षित युवा तैयार करना नहीं, बल्कि आत्मविश्वासी, कुशल और सक्षम युवा तैयार करना है।

बेमेतरा को 2 करोड़ के गौरव पथ और नए विद्युत सब-स्टेशन की सौगात

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बेमेतरा जिले के विकास के लिए दो महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने बेमेतरा शहर में गौरव पथ निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत किए जाने तथा ग्राम पंचायत तिवरिया में नवीन विद्युत सब-स्टेशन के निर्माण की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के साथ सड़क, बिजली, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर भी लगातार काम कर रही है। बेहतर अधोसंरचना से शहरों और गांवों में विकास की गति तेज होगी तथा नागरिकों का जीवन अधिक सुविधाजनक बनेगा।

‘मोर गांव मोर पानी’ अभियान के कार्यों का सम्मान

समारोह में ‘मोर गांव मोर पानी’ महाअभियान के तहत जल संरक्षण और भू-जल स्तर सुधार के लिए किए गए उल्लेखनीय कार्यों को भी सम्मानित किया गया। बेमेतरा जिले को क्रिटिकल जोन से सेमी-क्रिटिकल जोन की दिशा में लाने के प्रयासों के लिए जनपद पंचायत बेमेतरा, बेरला और नवागढ़ को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जल संरक्षण आने वाली पीढ़ियों से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। जल की प्रत्येक बूंद का संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है। शासन के प्रयासों के साथ जनभागीदारी जुड़ने पर बड़े बदलाव संभव हैं।

इस अवसर पर प्रबुद्ध नागरिकों एवं समाजसेवी संस्थाओं द्वारा प्रकाशित ‘शिक्षक स्मृति’ पत्रिका का विमोचन भी किया गया।

सुशासन और जनकल्याण को बताया सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गरीब, किसान, महिला और युवा सहित समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जबकि महतारी वंदन योजना से महिलाओं को आर्थिक संबल मिला है।

उन्होंने कहा कि अटल मॉनिटरिंग पोर्टल, सेवा सेतु और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन जैसी पहलों के माध्यम से शासन और नागरिकों के बीच की दूरी कम करने का प्रयास किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य योजनाओं और सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सरलता और समयबद्ध तरीके से पहुंचाना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। विकसित भारत के निर्माण में छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण भूमिका होगी और इसकी मजबूत नींव गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कुशल युवा शक्ति तथा सशक्त गांवों और शहरों से तैयार होगी।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर का उल्लेख करते हुए प्रदेशवासियों से 17 सितंबर की शाम अपने घरों में एक दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा, विकास और जनकल्याण के संकल्प को मजबूत करने का आह्वान किया।

शिक्षक समाज और राष्ट्र के निर्माता: अरुण साव

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा में गुरु का स्थान सदैव सर्वोपरि रहा है। शिक्षक अज्ञानता के अंधकार को दूर कर ज्ञान का प्रकाश फैलाते हैं और नई पीढ़ी को सही दिशा देते हैं। शिक्षक केवल विद्यार्थियों का ही नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के भविष्य का निर्माण करते हैं।

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री दयाल दास बघेल ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति के जीवन में आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की शक्ति पैदा करती है। शिक्षक विद्यार्थियों को शिक्षा देने के साथ संस्कारवान और जिम्मेदार नागरिक बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

समारोह में विधायक श्री दीपेश साहू, विधायक श्री ईश्वर साहू, रजककार विकास बोर्ड के अध्यक्ष श्री प्रहलाद रजक, छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष स्वामी राजीव लोचन दास, तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष श्री जितेन्द्र साहू, कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *