“एनटीपीसी इलेक्ट्रॉन क्विज में IIM रायपुर का जलवा, 60 हजार के साथ अभिषेक-वरद की जोड़ी बनी विजेता”

रायपुर। एनटीपीसी इलेक्ट्रॉन क्विज 2026-27 का रायपुर क्षेत्रीय दौर 12 सितंबर 2026 को रायपुर में आयोजित किया गया। इंजीनियरिंग एवं मैनेजमेंट के विद्यार्थियों के लिए आयोजित इस प्रतिष्ठित क्विज प्रतियोगिता में करीब 110 टीमों ने हिस्सा लिया और अपने ज्ञान एवं क्विजिंग कौशल का प्रदर्शन किया। इस वर्ष प्रतियोगिता की थीम ‘एनीथिंग एंड एवरीथिंग फ्रॉम द वर्ल्ड ऑफ बिजनेस एंड मैनेजमेंट’ रखी गई।

क्षेत्रीय स्तर के फाइनल राउंड में शीर्ष छह टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। आईआईएम रायपुर के अभिषेक मिश्रा और वरद नागेश जौरकर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। विजेता टीम को 60 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया।

वहीं आईआईएम रायपुर के प्रतीक अहीर और सुश्रुत अग्रवाल की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया और उन्हें 40 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। एसएसआईपीएमटी रायपुर के साहिल कुमार और ऋषभ कुमार अग्रवाल की टीम ने तृतीय स्थान हासिल किया, जिसके लिए उन्हें 20 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया।

चार टीमों को मिला सांत्वना पुरस्कार

आईआईआईटी नया रायपुर की अदिति जोशी एवं मुबश्शिर अहमद, एनआईटी रायपुर के हर्ष मटलानी एवं दिव्य प्रताप सिंह सिसोदिया तथा एनआईटी रायपुर के आयुष कुमार शर्मा एवं अयनांश शुक्ला की टीमों ने क्रमशः चौथा, पांचवां और छठा स्थान हासिल किया। प्रत्येक टीम को 8 हजार रुपये का सांत्वना पुरस्कार दिया गया।

युवा प्रतिभाओं को मंच देने की पहल

इस अवसर पर एनटीपीसी नवा रायपुर के महाप्रबंधक (एचआर) श्री प्रवीण गर्ग ने कहा कि एनटीपीसी की स्थापित क्षमता में लगातार वृद्धि और देश के विद्युत क्षेत्र में मजबूत उपस्थिति के साथ इलेक्ट्रॉन क्विज का भी हर वर्ष विस्तार हुआ है।

उन्होंने कहा कि जिस तरह एनटीपीसी ऊर्जा के माध्यम से देश को शक्ति प्रदान कर रही है, उसी तरह इलेक्ट्रॉन क्विज युवा प्रतिभाओं के ज्ञान और क्षमता को नई ऊर्जा देने का काम कर रही है। यह प्रतियोगिता युवाओं को अपनी क्विजिंग प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच प्रदान करती है।

लिखित राउंड से शुरू हुई प्रतियोगिता

क्विज प्रतियोगिता की शुरुआत ऑन-स्पॉट लिखित राउंड से हुई। इसके बाद ऑडियो-विजुअल और बजर राउंड आयोजित किया गया। प्रतियोगिता का संचालन ग्रेसेल के प्रसिद्ध क्विज मास्टर गौतम बोस ने किया।

रायपुर क्षेत्रीय दौर की शीर्ष दो टीमें अब राष्ट्रीय सेमीफाइनल और ग्रैंड फिनाले में हिस्सा लेंगी। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता क्रमशः 7 और 8 अक्टूबर 2026 को एनटीपीसी के पावर मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट (PMI), नोएडा में आयोजित होगी।

कार्यक्रम में एनटीपीसी के अधिकारियों के अलावा छत्तीसगढ़ के विभिन्न इंजीनियरिंग एवं मैनेजमेंट संस्थानों के विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे। प्रतियोगिता ने युवाओं के बीच ज्ञान, त्वरित सोच और प्रतिस्पर्धात्मक कौशल को बढ़ावा देने के साथ उन्हें राष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का अवसर प्रदान किया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *