नई दिल्ली। अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज से पहले टीम इंडिया के अभ्यास सत्र में जसप्रीत बुमराह ने अपनी शानदार लय से बल्लेबाजों की परीक्षा ली। दिल्ली में हुए प्रैक्टिस सेशन में बुमराह ने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी समेत कई टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों को अपनी सटीक लाइन-लेंथ और यॉर्कर से परेशान किया। वहीं, ईशान किशन की पीठ में परेशानी ने टीम मैनेजमेंट की चिंता बढ़ा दी।
बुमराह करीब दो महीने बाद भारतीय टीम के साथ लौटे हैं। इंग्लैंड दौरे के दौरान घुटने की चोट के बाद उनकी वापसी को लेकर सवाल थे, लेकिन नेट्स में उनकी गेंदबाजी ने फिटनेस और फॉर्म को लेकर सकारात्मक संकेत दिए। उनकी शुरुआती गेंदों में ही वही पुरानी रफ्तार और सटीकता देखने को मिली।
वैभव को बुमराह ने खूब परेशान किया
प्रैक्टिस में सबसे ज्यादा निगाहें बुमराह और 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी की भिड़ंत पर थीं। आईपीएल में बुमराह की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने वाले वैभव इस बार नेट्स में उनके सामने संघर्ष करते नजर आए।
बुमराह ने गुड लेंथ से दोनों तरफ मूव होती गेंदों और सटीक यॉर्कर से वैभव को लगातार दबाव में रखा। एक गेंद पर वैभव ने जरूर बाउंड्री लगाई, लेकिन कुल मिलाकर बुमराह का दबदबा रहा।
बुमराह ने सिर्फ वैभव ही नहीं, बल्कि संजू सैमसन और टीम के अन्य बल्लेबाजों को भी कड़ी गेंदबाजी का सामना कराया। उनकी गेंदबाजी से साफ संकेत मिले कि वह अफगानिस्तान सीरीज के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
ईशान किशन की पीठ में परेशानी
प्रैक्टिस सेशन का सबसे चिंताजनक पल ईशान किशन से जुड़ा रहा। नवदीप सैनी की एक तेज शॉर्ट गेंद से बचने की कोशिश के दौरान ईशान की पीठ में खिंचाव महसूस हुआ। वह कुछ देर असहज नजर आए और फिजियो ने उनकी जांच की। इसके बाद ईशान नेट्स से बाहर चले गए और दोबारा बल्लेबाजी करने नहीं लौटे।
हालांकि बाद में नवदीप सैनी ने ईशान की चोट को लेकर राहत की बात कही और बताया कि वह ठीक हैं तथा चिंता की कोई बड़ी वजह नहीं है। फिर भी सीरीज से ठीक पहले उनकी फिटनेस पर टीम की नजर बनी हुई है।
13 सितंबर से शुरू होगी सीरीज
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज 13 सितंबर से दिल्ली में शुरू होगी। इसके बाद दोनों टीमें 15 और 17 सितंबर को भी आमने-सामने होंगी। ऐसे में पहले मुकाबले से पहले बुमराह की वापसी भारतीय गेंदबाजी के लिए बड़ी राहत है, जबकि ईशान किशन की फिटनेस पर अंतिम स्थिति का इंतजार रहेगा।