रायपुर | छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले की बेटियों ने अपनी मेहनत और कौशल के दम पर अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर दिया है। मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय लैक्रॉस टूर्नामेंट में भारतीय महिला लैक्रॉस टीम ने सिंगापुर को करारी शिकस्त देकर कांस्य पदक अपने नाम किया है। इस शानदार जीत में रायगढ़ के महलोई क्षेत्र की तीन प्रतिभावान खिलाड़ियों—सोनम बंजारा, शांति प्रधान और मानसी भूमिया—ने अहम भूमिका निभाई।
वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी और जिला प्रशासन का मिला संबल खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक सफलता के पीछे वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी का विशेष प्रोत्साहन और जिला प्रशासन का मजबूत सहयोग रहा है। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व कर पदक जीतने के बाद, ये तीनों होनहार खिलाड़ी अपने कोच श्री देवावतार चौधरी के साथ कलेक्टोरेट पहुंचीं और कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी से मुलाकात की। कलेक्टर ने सभी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान करने का भरोसा दिलाया।
कोच ने साझा किया अनुभव कोच श्री देवावतार चौधरी ने जानकारी दी कि टूर्नामेंट के दौरान भारतीय महिला टीम ने अनुशासन और उत्कृष्ट खेल कौशल का परिचय दिया है। सिंगापुर के खिलाफ हुए मुकाबले में टीम ने बेहतरीन जुझारू तेवर दिखाते हुए जीत हासिल की। उन्होंने इस सफलता का श्रेय वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी और जिला प्रशासन से मिले निरंतर मार्गदर्शन और प्रोत्साहन को दिया है।
रायगढ़ की इन बेटियों की यह उपलब्धि साबित करती है कि सही अवसर और समर्थन मिलने पर छत्तीसगढ़ की प्रतिभाएं वैश्विक स्तर पर भी अपनी मजबूत पहचान बना सकती हैं।