बाबा कर्मेश्वर धाम पहुंचे CM साय, किया रुद्राभिषेक; कर्रा में मंगल भवन की घोषणा, धार्मिक कॉरिडोर पर दिया जोर

रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के राजपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम कर्रा में आयोजित श्री महारुद्र यज्ञ एवं शिव पुराण कथा में शामिल होकर बाबा कर्मेश्वर धाम में भगवान शिव का विधि-विधान से रुद्राभिषेक और पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ग्राम कर्रा में मंगल भवन निर्माण की घोषणा करते हुए कहा कि बाबा कर्मेश्वर की कृपा से क्षेत्र निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़े, इसके लिए राज्य सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाएगी।

आध्यात्मिक विरासत को संवार रही सरकार

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ धर्म, संस्कृति और आस्था की समृद्ध परंपराओं की भूमि है। प्रदेश में प्राचीन शिवालयों, देवी मंदिरों और लोक आस्था के अनेक केंद्र हैं। राज्य सरकार इन धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और संवर्धन के लिए लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रमुख शक्तिपीठों को धार्मिक कॉरिडोर के रूप में जोड़ने की दिशा में काम किया जा रहा है। इससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

50 हजार श्रद्धालुओं ने किए रामलला के दर्शन

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ का भगवान श्रीराम से गहरा संबंध है। श्री रामलला दर्शन योजना के माध्यम से प्रदेश के करीब 50 हजार श्रद्धालु अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन कर चुके हैं।

उन्होंने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों की धार्मिक आस्था को ध्यान में रखते हुए तीर्थ दर्शन योजना भी संचालित की जा रही है। इसके तहत देश के 19 प्रमुख तीर्थ स्थलों को शामिल किया गया है और अब तक करीब 10 हजार श्रद्धालु इसका लाभ ले चुके हैं।

बाबा कर्मेश्वर धाम की प्राचीन आस्था

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम कर्रा स्थित बाबा कर्मेश्वर धाम क्षेत्र की सदियों पुरानी लोक आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है। स्थानीय मान्यता के अनुसार यहां शिवलिंग प्राकृतिक रूप से प्रकट हुआ था। जनश्रुतियों में इसकी उत्पत्ति नौवीं-दसवीं शताब्दी के आसपास साल के वृक्ष के खोल में होने की बात कही जाती है।

धाम से जुड़ी कई लोक मान्यताएं आज भी ग्रामीणों की आस्था का हिस्सा हैं। मंदिर के जीर्णोद्धार का कार्य वर्तमान में श्री कर्मेश्वर महादेव मंदिर जीर्णोद्धार समिति द्वारा कराया जा रहा है।

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत लगाया रुद्राक्ष

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बाबा कर्मेश्वर धाम परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के तहत अपनी माता श्रीमती जसमनी देवी साय के नाम पर रुद्राक्ष का पौधा लगाया। उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधरोपण करने की अपील की।

संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने भी मंदिर परिसर में बेल का पौधा रोपा। इस दौरान अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी पौधरोपण किया।

कार्यक्रम में संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, पत्थलगांव विधायक गोमती साय, आईजी दीपक झा, सरगुजा संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा, कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *