सिंघीतराई, सक्ती । वेदांता पावर सक्ती थर्मल प्लांट (VPSTP) की सामुदायिक विकास पहल ‘आरोग्य परियोजना’ ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं का सहारा बन रही है। परियोजना के तहत ग्राम पंचायत सिंघीतराई, ओड़ेकेरा और निमोही में संचालित चलित स्वास्थ्य इकाई के माध्यम से अब तक 152 स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। इन शिविरों से करीब 4,600 नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला है।
आरोग्य परियोजना का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को उनके गांव के आसपास ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके तहत स्वयंसेवी संगठन पीएचडी रूरल डेवलपमेंट फाउंडेशन, नई दिल्ली के सहयोग से चलित स्वास्थ्य इकाई का संचालन किया जा रहा है।
गांवों में ही मिल रही स्वास्थ्य सुविधाएं
चलित स्वास्थ्य इकाई में एमबीबीएस डॉक्टर के साथ प्रशिक्षित चिकित्साकर्मी सेवाएं दे रहे हैं। निर्धारित स्थानों पर नियमित रूप से स्वास्थ्य शिविर लगाए जाते हैं, जहां ग्रामीणों को निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श, जांच और दवाइयां उपलब्ध कराई जाती हैं।
शिविरों में मधुमेह, उच्च रक्तचाप और खून की कमी सहित सामान्य बीमारियों की जांच की सुविधा उपलब्ध है। जरूरत के अनुसार मरीजों को सामान्य बीमारियों की दवाइयां भी निःशुल्क दी जाती हैं।

स्वास्थ्य जागरूकता पर भी जोर
परियोजना के तहत चिकित्सा सुविधाओं के साथ स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें महिला एवं शिशु स्वास्थ्य, स्तनपान, पोषण, स्वच्छता और जलजनित बीमारियों से बचाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर ग्रामीणों को जानकारी दी जाती है।
इस पहल का उद्देश्य केवल बीमारियों का उपचार करना ही नहीं, बल्कि ग्रामीणों को स्वस्थ जीवनशैली और बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करना भी है।
ग्रामीणों ने बताया उपयोगी पहल
ग्राम कठर्रापाली की शैल डनसेना ने चलित स्वास्थ्य शिविर को जरूरतमंदों के लिए उपयोगी पहल बताया। उन्होंने कहा कि शिविर में चिकित्सकों से स्वास्थ्य संबंधी परामर्श के साथ दवाइयां भी उपलब्ध होती हैं।
वहीं ग्राम पंचायत निमोही के हलधर डनसेना और अविनाश कुमार ने बताया कि गांव में ही स्वास्थ्य सुविधा मिलने से सामान्य उपचार के लिए ग्रामीणों को दूर नहीं जाना पड़ता। इससे समय और आर्थिक खर्च दोनों की बचत होती है।
शिविर से लाभान्वित ग्रामीणों ने कहा कि आरोग्य परियोजना स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।