महासमुंद में खेलों इंडिया तीरंदाजी सेंटर के खिलाड़ियों को खेल किट वितरित, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बढ़ाया हौसला

महासमुंद । उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव ने महासमुंद प्रवास के दौरान खेलों इंडिया तीरंदाजी सेंटर, एकलव्य आवासीय विद्यालय भोरिंग के खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल किट वितरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर जिला पैरा स्पोर्ट्स संघ महासमुंद के अध्यक्ष श्री निरंजन साहू एवं जिला पैरा स्पोर्ट्स खिलाड़ी लक्की यादव को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। राजीव पांडे अवॉर्ड वर्ष 2025-26 के लिए चयनित लक्की यादव को उप मुख्यमंत्री श्री साव ने बधाई देते हुए उनके खेल प्रदर्शन की सराहना की।

जिला पैरा स्पोर्ट्स संघ की ओर से दिव्यांग एवं सामान्य खिलाड़ियों के लिए समावेशी खेल अकादमी के संचालन की मांग रखी गई। मांग पत्र में खिलाड़ियों के नियमित अभ्यास, पोषण एवं आहार व्यवस्था तथा तकनीकी प्रशिक्षण जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने का सुझाव दिया गया। उप मुख्यमंत्री श्री साव ने मांगों पर आवश्यक पहल का आश्वासन दिया।

श्री साव ने तीरंदाजी सेंटर के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनके प्रशिक्षण और खेल गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए निरंतर अभ्यास करने और खेल के क्षेत्र में जिले एवं प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

वर्तमान में 60 खिलाड़ी खेलों इंडिया तीरंदाजी सेंटर, एकलव्य आवासीय विद्यालय भोरिंग में नियमित रूप से तीरंदाजी का अभ्यास कर रहे हैं।

इस अवसर पर कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह, अपर कलेक्टर श्री रवि साहू, खेल अधिकारी श्री मनोज धृतलहरे, एकलव्य विद्यालय भोरिंग के प्राचार्य श्री महेंद्र टंडन, एनआईएस तीरंदाजी प्रशिक्षक श्री एवन कुमार साहू, व्यायाम शिक्षक श्रीमती नीलम साहू सहित अन्य अधिकारी, प्रशिक्षक एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *