रायपुर । बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की दिशा में सकारात्मक पहल सामने आई है। उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री श्री प्रह्लाद जोशी से मुलाकात कर जिले में केंद्रीय विद्यालय खोलने को लेकर विस्तार से चर्चा की और स्वीकृति प्रक्रिया को जल्द आगे बढ़ाने का आग्रह किया।
मुलाकात के दौरान मंत्री श्री वर्मा ने बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में केंद्रीय विद्यालय की आवश्यकता और इससे स्थानीय विद्यार्थियों को होने वाले लाभों की जानकारी केंद्रीय मंत्री को दी। उन्होंने कहा कि जिले के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं राष्ट्रीय स्तर की शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विद्यालय की स्थापना महत्वपूर्ण है।
केंद्रीय मंत्री श्री प्रह्लाद जोशी ने इस विषय पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए जल्द आवश्यक निर्णय लिए जाने का आश्वासन दिया। इससे जिले में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की उम्मीदें और मजबूत हुई हैं।
विद्यार्थियों को मिलेंगे बेहतर शैक्षणिक अवसर
मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। केंद्रीय विद्यालय की स्थापना से जिले के विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में बेहतर शैक्षणिक वातावरण और राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा का अवसर मिलेगा।
वर्तमान में बेहतर शिक्षा के लिए कई विद्यार्थियों को बड़े शहरों या अन्य जिलों की ओर जाना पड़ता है। जिले में केंद्रीय विद्यालय शुरू होने से स्थानीय विद्यार्थियों और उनके परिवारों को इसका सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
अस्थायी भवन और स्थायी परिसर की तैयारी
राज्य सरकार द्वारा केंद्रीय विद्यालय के संचालन के शुरुआती चरण के लिए अस्थायी भवन की व्यवस्था तथा भविष्य में स्थायी भवन निर्माण के लिए भूमि चिन्हित एवं आरक्षित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
शिक्षा के क्षेत्र में इस पहल को जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। केंद्रीय विद्यालय की स्थापना से बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में शैक्षणिक अवसरों के विस्तार के साथ विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में नई गति मिलने की उम्मीद है।