सूरजपुर । शिक्षा से दूर हो चुकी ग्राम दवना की छात्रा दुर्गावती अब फिर से विद्यालय की ओर लौट आई है। माध्यमिक शाला पतरापाली के शिक्षक श्री योगेश साहू की निरंतर पहल, पालकों से संवाद और समझाइश के बाद छात्रा का दोबारा विद्यालय में प्रवेश कराया गया। इस पहल से छात्रा को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के साथ उसके परिवार में भी पढ़ाई के प्रति जागरूकता बढ़ी है।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री अवधेश कुमार साहू के मार्गदर्शन में छात्रा को विद्यालय में प्रवेश दिलाया गया। दुर्गावती ने वर्ष 2025 में ग्राम दवना स्थित प्राथमिक शाला भरूहमूड़ा से कक्षा पांचवीं उत्तीर्ण की थी। इसके बाद उसने आगे की पढ़ाई के लिए विद्यालय में प्रवेश नहीं लिया था।
मामले की जानकारी मिलने पर शिक्षक श्री योगेश साहू ने छात्रा और उसके पालकों से संपर्क किया। बातचीत में पता चला कि छात्रा विद्यालय जाने के लिए तैयार नहीं थी और अपनी नानी के घर चली गई थी। इसके अलावा जन्म प्रमाण पत्र और आधार कार्ड उपलब्ध नहीं होने के कारण भी उसके प्रवेश में परेशानी आ रही थी।
शिक्षक ने लगातार छात्रा और उसके परिजनों से संवाद कर शिक्षा के महत्व तथा बच्चों के शिक्षा के अधिकार के बारे में जानकारी दी। उन्होंने पालकों को समझाया कि किसी भी परिस्थिति में बच्चे की पढ़ाई बाधित नहीं होनी चाहिए। शिक्षक के प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया और दुर्गावती ने दोबारा पढ़ाई शुरू करने की इच्छा जताई।
शिक्षकों ने उपलब्ध कराई जरूरी सामग्री
विद्यालय में पुनः प्रवेश के बाद दुर्गावती का उत्साह बढ़ाने के लिए प्रधान पाठक श्री के.के. यादव एवं शिक्षिका श्रीमती अनिता सिंह ने उसे निःशुल्क पुस्तक और गणवेश प्रदान किया। वहीं शिक्षक श्री योगेश साहू ने अपने स्तर पर छात्रा को कॉपी और पेन उपलब्ध कराए, ताकि शिक्षण सामग्री के अभाव में उसकी पढ़ाई प्रभावित न हो।
संवाद और संवेदनशीलता से बदली राह
दुर्गावती की वापसी यह संदेश देती है कि शाला त्यागी बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए केवल प्रवेश प्रक्रिया ही नहीं, बल्कि शिक्षक और परिवार के बीच निरंतर संवाद भी जरूरी है। शिक्षक की संवेदनशील पहल से छात्रा को दोबारा पढ़ाई का अवसर मिला है।
विद्यालय परिवार ने दुर्गावती को नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। लंबे अंतराल के बाद विद्यालय लौटकर छात्रा भी नई ऊर्जा और उत्साह के साथ अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए तैयार है।