किरंदुल। भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध खदान मजदूर संघ शाखा किरंदुल एवं बचेली ने श्रमिकों और स्थानीय बेरोजगार युवाओं से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर दंतेवाड़ा जिला कलेक्टर को प्रधानमंत्री, केंद्रीय श्रम मंत्री एवं केंद्रीय वित्त मंत्री के नाम 14 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा।
ज्ञापन में एनएमडीसी में एल-01 और एल-02 के पदों पर स्थानीय अभ्यर्थियों को प्राथमिकता देने तथा ठेका श्रमिकों के रूप में स्थानीय बेरोजगार युवाओं की भर्ती करने की मांग प्रमुख रूप से शामिल है। इसके अलावा स्थानीय युवाओं के लिए कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम पुनः प्रारंभ करने की मांग भी रखी गई।

संघ ने श्रमिकों की वेतन एवं सेवा शर्तों में सुधार, सामाजिक सुरक्षा, श्रम की गरिमा और श्रमिक हितों की रक्षा को लेकर भी मांगें उठाईं। ईपीएस-95 के तहत न्यूनतम पेंशन 1,000 से बढ़ाकर 7,500 प्रतिमाह करने, पुरानी पेंशन योजना बहाल करने तथा ग्रेच्युटी की गणना 15 दिन के वेतन के बजाय 30 दिन के वेतन के आधार पर बिना अधिकतम सीमा के करने की मांग की गई।
ज्ञापन में संविदा सहित सभी कर्मचारियों के लिए समान काम-समान वेतन लागू करने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर और श्रमिकों को उचित वेतन व सामाजिक सुरक्षा मिलना जरूरी है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान खदान मजदूर संघ शाखा किरंदुल के अध्यक्ष बी. दिल्ली राव, दानेश्वर जोशी, लिशांष सिंह, शाखा बचेली के अध्यक्ष सुभाषचंद्र, दीपशंकर देवांगन, कीर्ति साहू, भरत सोरी सहित अनेक पदाधिकारी, सदस्य, ठेका श्रमिक एवं मातृशक्तियां उपस्थित रहीं।