रायपुर । मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में श्रद्धेय स्वर्गीय श्री दिलीप सिंह जूदेव की पुण्यतिथि पर उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राष्ट्र, समाज और सनातन संस्कृति के प्रति श्री जूदेव के योगदान को स्मरण करते हुए उनके जीवन एवं कार्यों को प्रेरणादायी बताया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि श्री दिलीप सिंह जूदेव का संपूर्ण जीवन राष्ट्र, समाज और सनातन संस्कृति के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने जनजातीय समाज के हितों की रक्षा, उनके स्वाभिमान और सामाजिक जागरण के लिए आजीवन कार्य किया। समाज के अंतिम व्यक्ति के प्रति उनकी संवेदनशीलता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता ने उन्हें जन-जन के बीच विशिष्ट स्थान दिलाया।
जनजातीय समाज के लिए किया महत्वपूर्ण कार्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री जूदेव का छत्तीसगढ़ की माटी और यहां के लोगों से गहरा आत्मीय जुड़ाव था। विशेष रूप से जनजातीय अंचलों में उन्होंने समाज को संगठित करने, लोगों में आत्मविश्वास जगाने और उनकी आवाज को मजबूती देने का महत्वपूर्ण कार्य किया।
उन्होंने कहा कि श्री जूदेव का जीवन राष्ट्रसेवा, सामाजिक सरोकार और अपनी संस्कृति एवं परंपराओं के प्रति अटूट निष्ठा का प्रेरक उदाहरण है। उनके विचार और आदर्श आने वाली पीढ़ियों को समाज और राष्ट्र के लिए समर्पित भाव से कार्य करने की प्रेरणा देते रहेंगे।
इस अवसर पर श्री प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती प्रियंवदा सिंह जूदेव, प्रसिद्ध निर्माता-निर्देशक डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी तथा छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष श्री शशांक शर्मा उपस्थित रहे।