जशपुर । ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जशपुर जिले के ग्रामीण अंचलों में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति का उत्साह देखने को मिल रहा है। अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में बिहान स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। महिलाओं ने अपने-अपने क्लस्टर और ग्राम पंचायतों में उत्साहपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराकर राष्ट्रीय एकता और गौरव का संदेश दिया।
8 विकासखंडों के 32 क्लस्टरों की सक्रिय भागीदारी
अभियान के पहले चरण में जशपुर जिले के सभी 8 विकासखंडों के 32 क्लस्टरों की महिलाओं ने सामूहिक रूप से सहभागिता की। इस दौरान महिलाओं ने ‘वंदे मातरम्’ के गगनभेदी नारों के साथ तिरंगा फहराया, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों का वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो गया।
जशपुर विकासखंड के घोलेंग क्लस्टर, कुनकुरी के नारायणपुर एवं बंदरचुआ क्लस्टर तथा मनोरा के आस्था एवं सोनकियारी क्लस्टर की महिलाओं ने विशेष उत्साह के साथ अभियान में भाग लिया। इसके अलावा पत्थलगांव, दुलदुला, बगीचा और फरसाबहार विकासखंड के सभी क्लस्टरों की महिलाओं ने भी अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई।
9 से 17 अगस्त तक जारी है अभियान
जशपुर जिले में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान 9 से 17 अगस्त तक व्यापक स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान बिहान स्व-सहायता समूहों की महिलाएं तिरंगा फहराने के साथ देशभक्ति गीतों और राष्ट्रगीत के माध्यम से ग्रामीणों में राष्ट्रीय गौरव, एकता और देशप्रेम की भावना जागृत कर रही हैं।
ग्रामीण महिलाओं की यह सक्रिय भागीदारी अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने के साथ सामाजिक सहभागिता में नारी शक्ति की भूमिका को भी मजबूत कर रही है। महिलाओं की सामूहिक सहभागिता से ग्रामीण अंचलों में ‘हर घर तिरंगा, हर दिल तिरंगा’ का संदेश प्रभावी रूप से पहुंच रहा है।