बलौदाबाजार । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बलौदाबाजार जिला मुख्यालय में देशभक्ति के उत्साह और उमंग के साथ भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। राजस्व मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में गार्डन चौक स्थित अटल परिसर से हरी झंडी दिखाकर यात्रा का शुभारंभ किया। इस दौरान पूरा शहर भारत माता के जयकारों और वंदे मातरम् के नारों से गूंज उठा।
तिरंगा यात्रा में हजारों की संख्या में नागरिक, समाजसेवी, स्कूली छात्र-छात्राएं और जनप्रतिनिधि हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर शामिल हुए। यात्रा गार्डन चौक से प्रारंभ होकर नया बस स्टैंड होते हुए आंबेडकर चौक पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। पूरे मार्ग में देशभक्ति गीतों और नारों से वातावरण राष्ट्रप्रेम से सराबोर रहा।
तिरंगा हर भारतीय के स्वाभिमान का प्रतीक : मंत्री वर्मा
यात्रा के शुभारंभ अवसर पर राजस्व मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने कहा कि तिरंगा केवल तीन रंगों से बना कपड़ा नहीं है, बल्कि यह भारत की संप्रभुता, आन-बान-शान और प्रत्येक नागरिक के स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज हमें देशहित, राष्ट्रसेवा और एकजुट होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में आयोजित तिरंगा यात्राएं राष्ट्रभक्ति और एकता का संदेश दे रही हैं। हजारों लोगों का एक साथ तिरंगा लेकर निकलना देश के प्रति नागरिकों के सम्मान और प्रेम का प्रतीक है।
श्री वर्मा ने कहा कि हमें अपने वीर शहीदों के बलिदान को सदैव याद रखते हुए देश की प्रगति, अखंडता और विकास में सक्रिय योगदान देना चाहिए। उन्होंने सभी नागरिकों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़कर समाज में एकता, शांति और भाईचारे का संदेश प्रसारित करने की अपील की।
बड़ी संख्या में लोगों ने लिया हिस्सा
इस अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री गौरीशंकर अग्रवाल, पूर्व विधायक श्री शिवरतन शर्मा, डॉ. सनम जांगड़े, श्री प्रमोद शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आकांक्षा जायसवाल, जनपद अध्यक्ष श्रीमती सुलोचना यादव, स्काउट गाइड के राज्य उपाध्यक्ष श्री विजय केशरवानी सहित कलेक्टर, डीएफओ, जिला पंचायत सीईओ, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।