सुकमा में ‘विभाजन की विभीषिका’ छायाचित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ, वन मंत्री केदार कश्यप ने दिया एकता और अखंडता का संदेश

सुकमा । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुकमा जिला मुख्यालय के बस स्टैंड परिसर में ‘हर घर तिरंगा’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत विभाजन की विभीषिका-स्मरण दिवस’ विषय पर आधारित तीन दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ वन एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री केदार कश्यप ने किया। इस अवसर पर दंतेवाड़ा विधायक श्री चैतराम अटामी भी उपस्थित रहे।

कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रदर्शनी का उद्देश्य नागरिकों को देश के इतिहास, स्वतंत्रता आंदोलन और विभाजन के दौरान लोगों द्वारा झेली गई पीड़ा एवं संघर्षों से अवगत कराना है। बस्तर तिरंगा यात्रा के दौरान बाइक रैली के साथ बस स्टैंड पहुंचे वन मंत्री श्री कश्यप ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और छायाचित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किए गए ऐतिहासिक प्रसंगों की जानकारी ली।

विभाजन की पीड़ा और इतिहास से सीख का संदेश

प्रदर्शनी के अवलोकन के बाद वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि वर्ष 1947 में देश के विभाजन के दौरान लाखों लोगों ने पीड़ा, विस्थापन और कठिन परिस्थितियों का सामना किया। उन्होंने कहा कि इतिहास की ऐसी घटनाओं को याद रखना आवश्यक है, ताकि आने वाली पीढ़ियां इससे सीख लेते हुए समाज में एकता, सद्भाव और राष्ट्रीय अखंडता की भावना को मजबूत कर सकें।

उन्होंने कहा कि जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाए गए छायाचित्रों के माध्यम से विभाजन के समय विस्थापित लोगों के दर्द, संघर्ष और परिस्थितियों को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया गया है।

‘वंदे मातरम्’ और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का दिया संदेश

वन मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ स्वतंत्रता संग्राम के दौरान देशभक्ति और राष्ट्रीय चेतना का महत्वपूर्ण प्रतीक रहा है। इसने स्वतंत्रता सेनानियों में राष्ट्र के लिए समर्पण और बलिदान की भावना को मजबूत किया।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की अपील पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 9 से 17 अगस्त तक प्रदेशभर में विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से अपने घरों में तिरंगा फहराकर राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना व्यक्त करने की अपील की।

प्रदर्शनी के शुभारंभ अवसर पर डीएफओ श्री अक्षय भोंसले, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *