बिश्रामपुर में अंबिकापुर–निजामुद्दीन एक्सप्रेस के ठहराव की मांग, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने रेलवे से की चर्चा

रायपुर । महिला एवं बाल विकास मंत्री एवं भटगांव विधायक श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने सूरजपुर जिले के बिश्रामपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन क्रमांक 22407/22408 अंबिकापुर–हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस के नियमित ठहराव की मांग को लेकर रेलवे अधिकारियों से चर्चा की है। उन्होंने क्षेत्र के यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस संबंध में आवश्यक पहल करने का आग्रह किया।

शिवनंदनपुर-बिश्रामपुर रेल संघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री श्रीमती राजवाड़े से मुलाकात कर उन्हें इस संबंध में ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बिश्रामपुर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन के नियमित ठहराव की मांग रखी गई।

विद्यार्थियों, मरीजों और व्यापारियों को मिलेगी सुविधा

रेल संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों ने बताया कि बिश्रामपुर क्षेत्र के विद्यार्थी, कर्मचारी, व्यापारी, मरीज और अन्य यात्री दिल्ली सहित देश के प्रमुख शहरों तक आवागमन के लिए पर्याप्त रेल सुविधा के अभाव में परेशानियों का सामना करते हैं। ट्रेन के नियमित ठहराव से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ समय और संसाधनों की बचत होगी।

मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रेलवे के संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा की। उन्होंने बिश्रामपुर क्षेत्र की जनसुविधा और यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ट्रेन के नियमित ठहराव के प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार करने का आग्रह किया।

मंत्री ने कहा कि आम नागरिकों की सुविधा से जुड़े मामलों में संबंधित विभागों और अधिकारियों के साथ समन्वय कर आवश्यक पहल की जा रही है। उन्होंने कहा कि बिश्रामपुर में ट्रेन का नियमित ठहराव होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

रेल संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों ने मांग पर त्वरित पहल के लिए मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के प्रति आभार व्यक्त किया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *