रायपुर । उपमुख्यमंत्री एवं वन मंत्री श्री विजय शर्मा और वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने दंतेवाड़ा के श्यामगिरी पहुंचकर 2019 में हुई नक्सली घटना के स्थल पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने शहीद पूर्व विधायक स्वर्गीय श्री भीमा मंडावी सहित अरनपुर और श्यामगिरी की घटनाओं में शहीद हुए 13 लोगों की स्मृति में पौधरोपण भी किया।
घटनास्थल पर स्थानीय लोगों, चश्मदीदों और स्वर्गीय भीमा मंडावी के सहयोगियों ने उस घटना की भयावहता की जानकारी साझा की। उपमुख्यमंत्री और वन मंत्री ने शहीद परिवारों से मुलाकात कर उन्हें शासन से मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। स्वर्गीय भीमा मंडावी की पत्नी श्रीमती ओजस्वी मंडावी से मुलाकात के दौरान माहौल भावुक हो गया। सभी ने शहीदों की स्मृति में मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
‘बस्तर की जनता जीती, नक्सलवाद हारा’
उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि नक्सल हिंसा ने बस्तर के अनेक परिवारों को अपनों से दूर किया है। किसी ने मित्र, किसी ने भाई, पिता या अन्य परिजन को खोया है। उन्होंने कहा कि तिरंगा फहराने के लिए बस्तर में लोगों ने लंबे संघर्ष और बलिदान का सामना किया है।
उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में कभी तिरंगा फहराने को लेकर भय का माहौल था, आज उन्हीं इलाकों में पूरे गर्व के साथ राष्ट्रध्वज लहराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब किसी को तिरंगा फहराने से रोकने वाला कोई नहीं है और संविधान का शासन हर क्षेत्र में बिना भय के लागू होगा।
उपमुख्यमंत्री ने लोगों से अपने घरों पर तिरंगा लगाने और पड़ोसियों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जो लोग तिरंगा यात्रा में शामिल नहीं हो पा रहे हैं, वे सोशल मीडिया के माध्यम से भी तिरंगे के सम्मान का संदेश दें। उन्होंने कहा कि “बस्तर की जनता जीत गई और नक्सलवाद हार गया।”
शहीद भीमा मंडावी के नाम पर होगा मार्ग
ग्रामीणों की मांग पर उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने नकुलनार-बचेली मार्ग का नाम शहीद भीमा मंडावी के नाम पर करने की अनुशंसा करने की बात कही। उन्होंने इस संबंध में आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने के लिए कलेक्टर को निर्देशित किया।
इस अवसर पर ‘एक पेड़ शहीदों के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया गया। साथ ही घटनास्थल की मिट्टी को स्मृति के रूप में संग्रहित किया गया।
बिहान समूह की महिलाओं से चर्चा
उपमुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में पहुंची बिहान समूह की महिलाओं से भी बातचीत की। उन्होंने महिलाओं को लघु वनोपज प्रसंस्करण का प्रशिक्षण लेकर स्वरोजगार से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा ‘छत्तीसकला’ ब्रांड के अंतर्गत बिहान समूहों के उत्पादों को सहायता उपलब्ध कराई जा रही है और महिलाओं से इसका लाभ लेने की अपील की।
बस्तर पंडुम विजेताओं से की मुलाकात
मंत्री द्वय ने राष्ट्रपति भवन जाकर बस्तर पंडुम में अपनी प्रस्तुति देने वाली अरनपुर की मांदरी दल की महिलाओं से भी मुलाकात की और उनसे बातचीत की। इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह महिलाएं दिल्ली जाकर राष्ट्रपति से मिलीं, उसी तरह अब वे चाहेंगे कि राष्ट्रपति भी बस्तर आएं और यहां की संस्कृति एवं परंपराओं से रूबरू हों।
कार्यक्रम में सांसद श्री महेश कश्यप, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नंदलाल मुड़ामी, बस्तर आईजी श्री बद्री नारायण मीणा, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।