सकारात्मक सोच और श्रेष्ठ संगति से तय होती है जीवन की दिशा: मंत्री टंक राम वर्मा

रायपुर । शासकीय लोचन प्रसाद पांडेय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सारंगढ़ के स्थापना दिवस समारोह में राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उन्होंने जनभागीदारी मद से निर्मित नवीन अतिरिक्त कक्ष का लोकार्पण भी किया।

मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि सकारात्मक विचार और श्रेष्ठ संगति ही व्यक्ति के जीवन की दिशा तय करते हैं। उन्होंने कहा कि मनुष्य के विचारों में ही उसके जीवन को बदलने की शक्ति होती है और श्रेष्ठ विचारों का निर्माण अच्छी संगति से संभव है। उन्होंने पौराणिक उदाहरण देते हुए कहा कि गुरु द्रोणाचार्य के सानिध्य के बावजूद गलत संगति के कारण दुर्योधन का पतन हुआ।

शिक्षा के साथ रचनात्मक गतिविधियों में भागीदारी जरूरी

मंत्री ने विद्यार्थियों से अकादमिक शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद, पठन-पाठन, कला, गायन और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करना भी है।

उन्होंने बताया कि राज्य में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शिक्षा और जिला विकास के लिए पर्याप्त बजट का प्रावधान किया गया है। इसके तहत सारंगढ़ में ऑडिटोरियम निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों को गति मिल रही है।

मंत्री श्री वर्मा ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को साकार करने में युवा शक्ति की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने युवाओं से सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

सकारात्मक सोच से बदलता है जीवन

मंत्री ने कुम्हार का उदाहरण देते हुए कहा कि जब कुम्हार ने चिलम बनाने के बजाय शीतल जल प्रदान करने वाली सुराही बनाने का निर्णय लिया, तो मिट्टी का रूप और उसका उद्देश्य दोनों बदल गए। इसी प्रकार यदि विचार सकारात्मक हों, तो वे व्यक्ति के जीवन को संवारने के साथ-साथ समाज में भी शांति और सकारात्मकता का वातावरण निर्मित करते हैं।

इस दौरान मंत्री ने महाविद्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया।

महाविद्यालय में सुविधाओं के विस्तार की मांग

कार्यक्रम में सारंगढ़ विधायक श्रीमती उत्तरी जांगड़े ने नवीन कक्ष के निर्माण पर बधाई देते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने महाविद्यालय में सेमिनार हॉल निर्माण की मांग रखी।

महाविद्यालय के प्राचार्य ने संस्था का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए स्नातकोत्तर स्तर पर संस्कृत एवं गणित विषय प्रारंभ करने तथा सेमिनार हॉल निर्माण की आवश्यकता से अवगत कराया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, पूर्व विधायक श्रीमती केराबाई मनहर, स्थानीय जनप्रतिनिधि, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, महाविद्यालय के प्राध्यापक, एनसीसी एवं एनएसएस कैडेट्स तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *