छत्तीसगढ़ में व्यापार-उद्योग की व्यापक संभावनाएं, पूर्वोत्तर और दिल्ली-NCR से सहयोग बढ़ाने पर जोर: राज्यपाल डेका

रायपुर । पूर्वोत्तर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड कम्युनिटी, दिल्ली-एनसीआर तथा छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधिमंडल ने समन्वयक श्री सुशील अग्रवाल के नेतृत्व में आज राज्यपाल श्री रमेन डेका से सौजन्य भेंट की। इस दौरान छत्तीसगढ़, पूर्वोत्तर राज्यों और दिल्ली-एनसीआर के बीच व्यापार एवं औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

राज्यपाल श्री रमेन डेका ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध राज्य है और यहां वनोपज, कृषि एवं फार्मिंग, स्टील, चाय सहित विभिन्न क्षेत्रों में व्यापार एवं उद्योग के विस्तार की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार व्यापार और उद्योग को प्रोत्साहित करने के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ हरसंभव सहयोग प्रदान कर रही है।

आपसी समन्वय से नए अवसर विकसित करने पर जोर

राज्यपाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के व्यापारियों और उद्योगपतियों के लिए पूर्वोत्तर राज्यों तथा दिल्ली-एनसीआर में भी व्यापार एवं उद्योग के विस्तार की पर्याप्त संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने दोनों क्षेत्रों के चैंबर ऑफ कॉमर्स के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर व्यापारियों और उद्योगपतियों को आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने भी छत्तीसगढ़, पूर्वोत्तर और दिल्ली-एनसीआर के बीच व्यापारिक संबंधों को और मजबूत बनाने तथा नए व्यापारिक एवं औद्योगिक अवसर विकसित करने के संबंध में अपने विचार साझा किए।

व्यापारिक साझेदारी को मजबूत करने की दिशा में पहल

बैठक में विभिन्न क्षेत्रों में आपसी सहयोग बढ़ाने, व्यापारिक नेटवर्क को मजबूत करने और उद्यमियों के लिए नए अवसर तलाशने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श हुआ। प्रतिनिधियों ने क्षेत्रीय स्तर पर व्यापार को बढ़ावा देने के लिए निरंतर संवाद और समन्वय की आवश्यकता पर भी बल दिया।

इस अवसर पर पूर्वोत्तर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड कम्युनिटी, नई दिल्ली-एनसीआर के अध्यक्ष श्री अजय खेमानी, श्री राजेश सोनी, सह-समन्वयक श्री सारंग अग्रवाल तथा छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष श्री सतीश थोरानी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *