युवाओं के हित में मुख्यमंत्री साय का बड़ा फैसला, पुलिस भर्ती मुख्य परीक्षा की तारीख बदली; अब 2 से 4 नवंबर तक होगी परीक्षा

रायपुर । प्रदेश के युवाओं के हित में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने संवेदनशीलता दिखाते हुए सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग एवं प्लाटून कमांडर मुख्य परीक्षा की तिथियों में बदलाव के निर्देश दिए हैं। शिक्षक भर्ती परीक्षा और पुलिस भर्ती मुख्य परीक्षा की तिथियां एक साथ पड़ने से अभ्यर्थियों को होने वाली परेशानी को मुख्यमंत्री ने तत्काल संज्ञान में लिया।

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर (मुख्य) परीक्षा-2024 की संशोधित तिथियां घोषित कर दी हैं। अब यह परीक्षा 2, 3 और 4 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।

परीक्षा तिथियों के टकराव से बनी थी असमंजस की स्थिति

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने 4 अगस्त 2026 को पुलिस विभाग के अंतर्गत सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर परीक्षा-2024 की प्रारंभिक लिखित परीक्षा का परिणाम जारी किया था। इसके बाद मुख्य परीक्षा के लिए 24, 25 और 26 अक्टूबर 2026 की संभावित तिथियां निर्धारित की गई थीं।

इसी दौरान 25 अक्टूबर 2026 को शिक्षक भर्ती परीक्षा भी निर्धारित होने के कारण दोनों परीक्षाओं की तिथियों में टकराव की स्थिति बन गई थी। दोनों परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के सामने किसी एक परीक्षा से वंचित होने की आशंका उत्पन्न हो गई थी।

मुख्यमंत्री ने युवाओं के हित में लिया तत्काल संज्ञान

अभ्यर्थियों की समस्या मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के संज्ञान में आने के बाद उन्होंने अधिकारियों को तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद लोक सेवा आयोग ने पुलिस भर्ती मुख्य परीक्षा की पूर्व निर्धारित तिथियों में बदलाव किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा, “युवाओं का हित हमारी सरकार के लिए सर्वोपरि है। केवल परीक्षा तिथियों के टकराव के कारण कोई भी पात्र अभ्यर्थी अवसर से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है।”

उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में युवा वर्षों तक कठिन परिश्रम करते हैं। ऐसे में परीक्षा कार्यक्रम से जुड़ी किसी व्यावहारिक समस्या के कारण उन्हें दो अवसरों में से किसी एक को चुनने की स्थिति में नहीं आना चाहिए। राज्य सरकार युवाओं की आकांक्षाओं के प्रति संवेदनशील है और उनके भविष्य से जुड़े विषयों पर तत्परता से निर्णय लेने के लिए प्रतिबद्ध है।

अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट पर देखते रहें सूचना

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने मुख्य परीक्षा के लिए चिन्हांकित अभ्यर्थियों को पृथक से ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत करने की सलाह दी है। इस संबंध में विस्तृत सूचना आयोग द्वारा अलग से जारी की जाएगी। अभ्यर्थियों से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट का नियमित अवलोकन करने को कहा गया है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने आगामी भर्ती परीक्षाओं में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य और सफलता के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *