पुसौर को 1.92 करोड़ की विकास सौगात, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने किया भूमिपूजन-लोकार्पण

रायगढ़ । प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने शनिवार को पुसौर क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर 1 करोड़ 92 लाख 7 हजार रुपये की लागत वाले विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इन कार्यों में आंगनबाड़ी भवन, मंगल भवन, सामुदायिक भवन, सांस्कृतिक मंच, स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष, खेल मैदान में अहाता और शेड निर्माण जैसे जनोपयोगी कार्य शामिल हैं।

वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि गांवों का विकास सरकार की प्राथमिकता है। विकास का वास्तविक लाभ तभी है, जब सुविधाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचें। उन्होंने कहा कि रायगढ़ शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी विकास कार्यों को गति दी जा रही है।

लारा और लोहाखान में करोड़ों के विकास कार्य

ग्राम पंचायत लारा में 7.25 लाख रुपये की लागत से शेड निर्माण और डीपापारा में 31.55 लाख रुपये के मंगल भवन निर्माण का भूमिपूजन किया गया। दोनों कार्यों की कुल लागत 38.80 लाख रुपये है।

वहीं लोहाखान में 14.35 लाख रुपये के आंगनबाड़ी भवन, 10.27 लाख रुपये के प्राथमिक शाला में दो अतिरिक्त कक्ष और 31.55 लाख रुपये के मंगल भवन का भूमिपूजन किया गया। इन कार्यों पर कुल 56.17 लाख रुपये खर्च होंगे।

शिक्षा, खेल और सांस्कृतिक सुविधाओं पर जोर

देवलसुर्रा में 14.35 लाख रुपये की लागत से आंगनबाड़ी भवन और 5.50 लाख रुपये के सांस्कृतिक मंच का भूमिपूजन हुआ।

दर्रीपाली में 14.35 लाख रुपये के आंगनबाड़ी भवन, 13.10 लाख रुपये के क्रिकेट मैदान में अहाता निर्माण और 10.27 लाख रुपये के प्राथमिक शाला में अतिरिक्त कक्ष निर्माण का भूमिपूजन किया गया। इन कार्यों की कुल लागत 37.72 लाख रुपये है।

महलोई और आरमुड़ा को भी मिली सौगात

महलोई में 15.18 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन का भूमिपूजन किया गया, जबकि उप स्वास्थ्य केंद्र के सामने 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित शेड का लोकार्पण किया गया।

आरमुड़ा में 14.35 लाख रुपये की लागत से आंगनबाड़ी भवन निर्माण का भूमिपूजन किया गया।

गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निर्माण पर जोर

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि ऐसी अधोसंरचना तैयार करना है जिसका सीधा और दीर्घकालिक लाभ ग्रामीणों को मिले। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्ध पूर्णता पर विशेष ध्यान देने की बात कही।

उन्होंने कहा कि पुसौर क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और सामाजिक सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। स्थानीय जरूरतों और ग्रामीणों की प्राथमिकताओं के आधार पर आने वाले समय में भी विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।

कार्यक्रम में जनपद पंचायत पुसौर अध्यक्ष हेमलता हरिशंकर चौहान, जिला पंचायत सदस्य ब्रजेश गुप्ता, जनपद पंचायत सदस्य हेमालिनी प्रकाश गुप्ता, कृष्ण प्रधान सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *