रायपुर । कबीरधाम जिले के नेउर गांव की तीन बहनों किरण, ज्योति और सुमन महोबिया ने एक साथ NEET परीक्षा उत्तीर्ण कर शानदार उपलब्धि हासिल की है। इस सफलता पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने रविवार को उनके घर पहुंचकर तीनों बहनों को बधाई और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
उपमुख्यमंत्री ने छात्राओं की माता भगवती महोबिया, पिता राम महोबिया और अन्य परिजनों से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा कि एक ही परिवार की तीन बहनों का एक साथ मेडिकल प्रवेश परीक्षा में सफल होना पूरे परिवार के लिए गर्व का विषय है। यह उपलब्धि जिले और प्रदेश के उन विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायी है, जो सीमित संसाधनों के बीच बड़े लक्ष्य हासिल करने की तैयारी कर रहे हैं।
मेहनत और एक-दूसरे के सहयोग से मिली सफलता
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि एक ही घर में रहकर तीनों बहनों ने NEET जैसी कठिन परीक्षा की तैयारी की और सफलता हासिल की। उन्होंने कहा कि नियमित मेहनत, सही दिशा और दृढ़ संकल्प के साथ बड़े से बड़ा लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
मुलाकात के दौरान उन्होंने तीनों छात्राओं से उनकी स्कूली पढ़ाई, NEET की तैयारी और आगे की काउंसलिंग प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं को मेडिकल कॉलेज में प्रवेश के बाद पूरी लगन से पढ़ाई करने और अपने माता-पिता के सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया।
डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करने की दी सीख
विजय शर्मा ने तीनों बहनों को भविष्य में डॉक्टर बनने के बाद अपने क्षेत्र और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने की सीख दी। उन्होंने कहा कि अच्छे संस्थानों और अस्पतालों में अनुभव हासिल करने के साथ जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए अपनी शिक्षा और अनुभव का उपयोग करना चाहिए।
घर पर ऑनलाइन कोचिंग से की NEET की तैयारी
तीनों बहनों ने घर पर रहकर ऑनलाइन कोचिंग के माध्यम से NEET की तैयारी की। पढ़ाई के दौरान उन्होंने एक-दूसरे का सहयोग किया और अपने लक्ष्य पर लगातार फोकस बनाए रखा।
इनमें ज्योति और सुमन ने अपने पहले प्रयास में ही NEET परीक्षा पास की, जबकि बड़ी बहन किरण ने दूसरे प्रयास में सफलता हासिल की। ज्योति और सुमन ने स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, बोड़ला से स्कूली शिक्षा पूरी की, जबकि किरण ने सरस्वती शिशु मंदिर, पांडातराई से पढ़ाई की है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशी राम धुर्वे सहित अन्य जनप्रतिनिधि और परिजन मौजूद रहे।