स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली मेट्रो अलर्ट, 9 से 16 अगस्त तक कड़ी होगी सुरक्षा जांच; यात्रियों को करना होगा अतिरिक्त इंतजार

नई दिल्ली । स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी की जाएगी। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) के अनुसार, 9 अगस्त से 16 अगस्त 2026 तक सभी मेट्रो स्टेशनों पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) द्वारा यात्रियों और उनके सामान की अतिरिक्त जांच की जाएगी।

सुरक्षा जांच बढ़ाए जाने के कारण मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश द्वार पर यात्रियों को सामान्य दिनों की तुलना में अधिक समय लग सकता है। खासकर व्यस्त समय में कई स्टेशनों पर लंबी कतारें लगने की संभावना है।

यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी

DMRC ने यात्रियों से अपील की है कि वे स्वतंत्रता दिवस से पहले मेट्रो से यात्रा करते समय अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें। सुरक्षा जांच के दौरान यात्रियों के सामान की गहन स्क्रीनिंग और प्रवेश बिंदुओं पर अतिरिक्त निगरानी की जाएगी।

DMRC ने बताया कि यह सुरक्षा व्यवस्था 15 अगस्त को होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह को ध्यान में रखते हुए लागू की जा रही है। यात्रियों से सुरक्षा जांच में सहयोग करने और यात्रा की योजना पहले से बनाने की अपील की गई है।

अंतरराज्यीय समन्वय पर भी जोर

स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर दिल्ली पुलिस ने भी सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अंतरराज्यीय समन्वय बैठक आयोजित की गई, जिसमें कई राज्यों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और केंद्रीय खुफिया एवं प्रवर्तन एजेंसियों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

बैठक में संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर, खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई।

DMRC ने यात्रियों से अपील की है कि 9 से 16 अगस्त के बीच मेट्रो यात्रा के दौरान अतिरिक्त समय रखें, ताकि सघन सुरक्षा जांच के कारण होने वाली संभावित देरी से परेशानी न हो।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *