मिलावटखोरों को स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल की चेतावनी, बोले- दूध-दही-मक्खन में मिलावट पर भी होगी सख्त कार्रवाई

रायपुर | स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि सरकार केवल एनालॉग पनीर ही नहीं, बल्कि दूध, दही, मक्खन सहित सभी खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। मिलावटखोरों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

मीडिया से चर्चा करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने रेलवे स्टेशन से जब्त किए गए 500 किलो पनीर मामले पर कहा कि रेलवे परिसर से जुड़े मामलों में कार्रवाई की प्रक्रिया अलग होती है, लेकिन खाद्य सुरक्षा को लेकर विभाग पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने कहा, “वे काम करने में डाल-डाल हैं तो हम पाट-पाट हैं। खाद्य विभाग अलर्ट मोड पर है और लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।”

उन्होंने बताया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभाग द्वारा लगातार जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। आम लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मेडिकल छात्रों के प्रदर्शन पर बोले मंत्री

मेडिकल कॉलेज के छात्रों द्वारा स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर किए गए प्रदर्शन पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि छात्रों से मुलाकात हुई है। लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है। इस विषय पर मुख्यमंत्री से भी चर्चा हुई है और सरकार मामले पर विचार कर रही है।

कांग्रेस के चुनावी दावों पर साधा निशाना

वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव में जीत के कांग्रेस के दावे पर मंत्री जायसवाल ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस केवल योजनाएं बनाती है, लेकिन उन्हें लागू नहीं कर पाती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं में आपसी मतभेद हैं और पार्टी एकजुट होकर काम नहीं कर सकती।

रायपुर कमिश्नरेट विस्तार पर कही बात

रायपुर कमिश्नरेट के विस्तार को लेकर सांसद बृजमोहन अग्रवाल के पत्र पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि वे वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी चिंता व्यक्त करना उनका कर्तव्य है। उन्होंने कांग्रेस के आरोपों को भ्रम बताते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों को जनता के हित में काम करना चाहिए।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *