तिल्दा में 6 अगस्त से शुरू होगा 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा राष्ट्रीय महाअभियान, मंत्री टंकराम वर्मा करेंगे शुभारंभ

तिल्दा-नेवरा | भारत सरकार के न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय तथा गृह मंत्रालय के नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के तत्वावधान में ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा आयोजित “10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा राष्ट्रीय महाअभियान” का शुभारंभ तिल्दा क्षेत्र में 6 अगस्त 2026 को किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अभियान के शुभारंभ के बाद तिल्दा में इसका आयोजन छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री टंकराम वर्मा के मुख्य आतिथ्य में होगा।

ब्रह्माकुमारीज़ तिल्दा सेवाकेंद्र द्वारा आयोजित यह 15 दिवसीय अभियान 6 अगस्त से 20 अगस्त 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान क्षेत्र के विद्यालयों, महाविद्यालयों, शासकीय कार्यालयों, औद्योगिक संस्थानों और सामाजिक संगठनों में नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इन कार्यक्रमों में नशे के दुष्प्रभावों पर व्याख्यान, जागरूकता कार्यशालाएं, राजयोग मेडिटेशन सत्र और विशेष संवाद कार्यक्रम शामिल होंगे। अभियान का उद्देश्य बच्चों, युवाओं और आम नागरिकों को तंबाकू, शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करना है।

अभियान के तहत प्रतिभागियों को राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से तनावमुक्त और आत्मबल से भरपूर जीवन जीने की विधि भी बताई जाएगी। साथ ही लोगों को नशामुक्त भारत के निर्माण के लिए प्रतिज्ञा दिलाई जाएगी।

अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने के लिए 30 सेकंड में ऑनलाइन नशा मुक्ति प्रतिज्ञा लेने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके माध्यम से नागरिक राष्ट्रीय जनआंदोलन का हिस्सा बन सकेंगे।

ब्रह्माकुमारीज़ ने बताया कि यह अभियान संस्था की पूर्व मुख्य प्रशासिका दादी प्रकाशमणि जी की पुण्य स्मृति में उनके अव्यक्त मास अगस्त के अवसर पर पूरे देश में चलाया जा रहा है।

संस्था ने तिल्दा क्षेत्र के नागरिकों, युवाओं, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों से अभियान में भागीदारी कर नशामुक्त, स्वस्थ और सशक्त भारत के निर्माण में योगदान देने की अपील की है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *