रायपुर | मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर लगातार काम कर रही है। इसी क्रम में महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री एवं भटगांव विधायक लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयासों से धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत भटगांव विधानसभा क्षेत्र के 97 गांवों में विद्युत विस्तार कार्य को मंजूरी मिली है।
करीब 11.62 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले इस विद्युत विस्तार कार्य से सूरजपुर जिले के दूरस्थ ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों तक बिजली पहुंचाई जाएगी। इससे हजारों ग्रामीण परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा।
स्वीकृत परियोजना के तहत भैयाथान विकासखंड के 36 गांवों के लगभग 109 मोहल्लों/पारों, ओड़गी विकासखंड के 32 गांवों के करीब 68 मोहल्लों/पारों और सूरजपुर विकासखंड के 29 गांवों के लगभग 53 मोहल्लों/पारों में विद्युत सुविधा का विस्तार किया जाएगा।
सरकार के अनुसार, यह परियोजना उन बस्तियों के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण है जहां अब तक पर्याप्त बिजली सुविधा उपलब्ध नहीं थी। विद्युत पहुंचने से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, पेयजल व्यवस्था, घरेलू कार्यों, कृषि गतिविधियों और स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलेगा।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य विकास की रोशनी को अंतिम छोर तक पहुंचाना है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह स्वीकृति भटगांव विधानसभा क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई दिशा देगी।
उन्होंने कहा, “हर घर और हर आंगन तक बिजली पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। बिजली सुविधा मिलने से ग्रामीण जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा और जनजातीय क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी।”