रायपुर | छत्तीसगढ़ की प्रतिभावान नेटबॉल खिलाड़ी सोनम शर्मा ने प्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। भिलाई की रहने वाली सोनम शर्मा का चयन 14वीं एशियन नेटबॉल चैंपियनशिप 2026 के लिए भारतीय नेटबॉल टीम में हुआ है। यह प्रतियोगिता 8 से 15 अगस्त 2026 तक हांगकांग में आयोजित होगी।
भारतीय टीम के एक माह तक चले राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर के बाद मंगलवार को टीम की आधिकारिक घोषणा की गई, जिसमें सोनम शर्मा ने अपने शानदार प्रदर्शन के आधार पर अंतिम टीम में स्थान बनाया।
सोनम शर्मा इससे पहले भी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। उन्होंने एशियाई सीनियर नेटबॉल चैंपियनशिप और एशियाई जूनियर नेटबॉल चैंपियनशिप में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा साबित की है। लगातार बेहतर प्रदर्शन के चलते उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है।
सोनम की इस उपलब्धि पर नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के पदाधिकारियों और खेल जगत से जुड़े लोगों ने खुशी जताई है। एसोसिएशन की अध्यक्ष मीना केरकेट्टा, महासचिव राजेश राठौर सहित अन्य पदाधिकारियों ने सोनम को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
एसोसिएशन के महासचिव राजेश राठौर ने कहा कि सोनम शर्मा की सफलता प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में नेटबॉल खेल को मजबूत करने और नई प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए प्रयास किए जाएंगे।
सोनम की इस उपलब्धि से प्रदेश के युवा खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल है। खेल प्रेमियों का मानना है कि उनकी सफलता से छत्तीसगढ़ में नेटबॉल को नई पहचान मिलेगी और अधिक खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के लिए प्रेरित होंगे।