लोरमी। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 12 कुंदरापारा में शासकीय गौचर भूमि और कोतरी नाला क्षेत्र में कथित अतिक्रमण एवं गंदगी फैलाए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से शिकायत कर अवैध कब्जा हटाने और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वार्डवासियों के अनुसार, महामाया मंदिर के समीप स्थित शासकीय गौचर भूमि पर कथित रूप से अवैध कब्जा कर कबाड़, शराब की खाली बोतलें और अन्य कचरा जमा किया जा रहा है। उनका कहना है कि इससे मंदिर परिसर और आसपास का वातावरण प्रदूषित हो रहा है तथा क्षेत्र के बच्चों की सुरक्षा पर भी खतरा उत्पन्न हो गया है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस संबंध में पहले भी जिला कलेक्टर के जनदर्शन और सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने पर उन्होंने एक बार फिर अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम), तहसीलदार और नगर पालिका परिषद को ज्ञापन सौंपकर 7 अगस्त तक कार्रवाई की मांग की है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार चंद्रकांत राही और नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) चंदन शर्मा ने संयुक्त रूप से शिकायत पर संज्ञान लिया है। अधिकारियों ने बताया कि नियमानुसार सीमांकन और स्थल निरीक्षण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
प्रशासन का कहना है कि यदि जांच में शासकीय गौचर भूमि पर अतिक्रमण की पुष्टि होती है, तो राजस्व विभाग और नगर पालिका द्वारा नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी तथा शासकीय भूमि को कब्जामुक्त कराया जाएगा।