सुकमा। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त सर्च ऑपरेशन में सुरक्षाबलों ने जंगल से नक्सलियों का एक डंप बरामद किया, जिसमें एक .315 बोर बोल्ट एक्शन रायफल और 49 जिंदा कारतूस सहित अन्य सामग्री जब्त की गई।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रोहित शाह के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत की गई। 3 अगस्त को भेज्जी थाना पुलिस और सीआरपीएफ की 50वीं बटालियन की संयुक्त टीम को बोधराजपदर के जंगलों में सर्च ऑपरेशन के लिए रवाना किया गया था।
तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया डंप बरामद किया। जब्त सामग्री में एक .315 बोर बोल्ट एक्शन रायफल, 7.62×39 मिमी के 47 जिंदा कारतूस, 7.62×51 मिमी के 2 जिंदा कारतूस तथा एक एल्यूमिनियम कंटेनर शामिल है।
सर्च ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद संयुक्त टीम सुरक्षित कैंप लौट आई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नक्सलियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और उनकी गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।