तृषा कृष्णन पर कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर उदयनिधि स्टालिन विवादों में, कार्रवाई से तमिलनाडु की सियासत गरम

चेन्नई। तमिलनाडु में डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन की एक्ट्रेस तृषा कृष्णन को लेकर कथित डबल मीनिंग टिप्पणी पर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। मामले में पुलिस ने उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।

बताया जा रहा है कि यह विवाद तंजावुर में कावेरी जल विवाद को लेकर आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान दिए गए भाषण के बाद शुरू हुआ। आरोप है कि भाषण के दौरान भीड़ में से तृषा कृष्णन का नाम लिए जाने पर उदयनिधि स्टालिन ने कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी की।

इस बयान के बाद अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) ने विरोध जताते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) में शिकायत दर्ज कराई। पार्टी ने आरोप लगाया कि टिप्पणी महिलाओं के सम्मान के खिलाफ है और सार्वजनिक मंच पर इस तरह की भाषा स्वीकार्य नहीं है।

पुलिस कार्रवाई के दौरान उदयनिधि स्टालिन ने कहा कि उन्होंने कोई गलत बात नहीं कही और इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताया। उन्होंने कहा कि मामले में वे कानूनी रास्ता अपनाएंगे और अग्रिम जमानत के लिए मद्रास हाईकोर्ट का रुख किया है।

वहीं, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भी इस बयान की निंदा की है। तमिलनाडु भाजपा के मुख्य प्रवक्ता नारायणन तिरुपति ने इसे शर्मनाक और आपत्तिजनक बताते हुए कार्रवाई की मांग की।

इस पूरे मामले के बाद तमिलनाडु की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है और डीएमके, टीवीके सहित अन्य दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *