रजत पदक विजेता ज्ञानेश्वरी यादव को मुख्यमंत्री का सम्मान, 30 लाख की प्रोत्साहन राशि और डीएसपी पदोन्नति की घोषणा

रायपुर । ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल 2026 में महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाली राजनांदगांव की खिलाड़ी ज्ञानेश्वरी यादव का सोमवार को मुख्यमंत्री निवास में भव्य स्वागत और सम्मान किया गया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ज्ञानेश्वरी को उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई देते हुए 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि तथा आउट ऑफ टर्न डीएसपी पद पर पदोन्नति देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल एक खिलाड़ी का नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की प्रतिभा, परिश्रम और संकल्प का सम्मान है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अपने पहले ही राष्ट्रमंडल खेलों में ज्ञानेश्वरी ने 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक जीतते हुए प्रदेश के खेल इतिहास में नया अध्याय जोड़ा है। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उनकी सफलता प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणादायक है।

उन्होंने बताया कि ग्लासगो रवाना होने से पहले उन्होंने ज्ञानेश्वरी से मुलाकात कर उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं दी थीं। रजत पदक जीतने के बाद वीडियो कॉल के माध्यम से भी उन्हें बधाई दी गई थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज मुख्यमंत्री निवास में उनका स्वागत पूरे प्रदेश के लिए गर्व और उत्सव का अवसर है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए आधुनिक खेल अधोसंरचना, विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, बेहतर कोचिंग और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सरकार का लक्ष्य छत्तीसगढ़ के अधिक से अधिक खिलाड़ियों को ओलंपिक, राष्ट्रमंडल खेल, एशियाई खेल और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तैयार करना है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ज्ञानेश्वरी यादव भविष्य में भी अपने शानदार प्रदर्शन से भारत और छत्तीसगढ़ का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिभाओं को सम्मान और अवसर देना राज्य सरकार की खेल नीति का प्रमुख आधार है, जिससे प्रदेश को खेलों के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में मजबूती मिलेगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *