प्रोजेक्ट ‘सहारा’ से 1739 दिव्यांगजनों को मिली नई उड़ान, CM साय ने 7 करोड़ से जुनेजा स्टेडियम के जीर्णोद्धार का किया ऐलान

रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि किसी भी विकसित समाज की पहचान इस बात से होती है कि वहां प्रत्येक व्यक्ति को समान अवसर और सम्मान मिले। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार दिव्यांगजनों के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए लगातार काम कर रही है, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें।

राजधानी रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित प्रोजेक्ट ‘सहारा’ के तहत मुख्यमंत्री ने 1739 दिव्यांगजनों को 3.58 करोड़ रुपये की लागत से मोटराइज्ड ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर, हियरिंग एड, कृत्रिम हाथ-पैर, वैशाखी और अन्य सहायक उपकरण वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ये उपकरण केवल सहायता सामग्री नहीं, बल्कि आत्मसम्मान, आत्मनिर्भरता और नए जीवन की शुरुआत का माध्यम हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘विकलांग’ की जगह ‘दिव्यांग’ शब्द देकर सम्मान और आत्मगौरव का नया भाव दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी इसी सोच के साथ दिव्यांगजनों के जीवन को अधिक सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम के जीर्णोद्धार, मरम्मत और सौंदर्यीकरण के लिए 7 करोड़ रुपये देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि मजबूत खेल अधोसंरचना खिलाड़ियों के साथ-साथ सामाजिक और जनहितकारी आयोजनों के लिए भी आवश्यक है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि रायपुर जिले में विशेष अभियान चलाकर 1600 से अधिक दिव्यांगजनों की पहचान की गई। भारत सरकार से प्राप्त 3.58 करोड़ रुपये की सहायता से अब तक कुल 1739 हितग्राहियों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र दिव्यांगजन सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रोजेक्ट सरल और प्रोजेक्ट गोल्डन आवर का शुभारंभ किया तथा “नवाचार से प्रगति पथ पर अग्रसर रायपुर” कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा संचालित विभिन्न नवाचारों और जनकल्याणकारी परियोजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास संवेदनशील और जनकेंद्रित सुशासन का उदाहरण हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *