‘मुस्कुराता बस्तर’ कार्यशाला में निखरी बच्चों की रचनात्मकता, वनमंत्री केदार कश्यप बोले- कला अभिव्यक्ति का सबसे सशक्त माध्यम

रायपुर । बस्तर की सकारात्मक पहचान, समृद्ध संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य को रचनात्मक कला के माध्यम से देश-दुनिया तक पहुंचाने के उद्देश्य से जगदलपुर में ‘मुस्कुराता बस्तर’ कार्टून कार्यशाला का आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ जनसंपर्क विभाग के सहयोग से मासिक पत्रिका ‘कार्टून वॉच’ द्वारा आयोजित इस कार्यशाला में जिले के 10 स्कूलों के 120 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि कला के माध्यम से अपनी भावनाओं और विचारों को अभिव्यक्त करना एक बड़ा हुनर है। उन्होंने कहा कि कार्टून और कैरिकेचर केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि समाज, संस्कृति और विकास के सकारात्मक संदेशों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का सशक्त माध्यम हैं।

कार्यशाला में दिल्ली के वरिष्ठ कार्टूनिस्ट माधव जोशी और पुणे के प्रसिद्ध कैरिकेचर कलाकार शुभम जिंदे ने लाइव डेमो के जरिए विद्यार्थियों को कार्टून और कैरिकेचर बनाने की बारीकियां सिखाईं। साथ ही कला के क्षेत्र में रोजगार और रचनात्मक संभावनाओं की भी जानकारी दी।

इस अवसर पर बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा, महापौर संजय पांडेय, एमआईसी सदस्य संग्राम सिंह, शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यशाला में बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता के जरिए कैनवास पर नए बस्तर की विकास यात्रा, खुशहाली, जनजातीय संस्कृति और प्राकृतिक धरोहरों को आकर्षक चित्रों के माध्यम से उकेरा।

‘कार्टून वॉच’ के संपादक त्र्यंबक शर्मा ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच विकसित करना और बस्तर की सकारात्मक छवि को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। वहीं कैरिकेचर कलाकार शुभम जिंदे ने वनमंत्री केदार कश्यप और महापौर संजय पांडेय का कैरिकेचर बनाकर उन्हें भेंट किया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *