किरंदुल। शासकीय हाई स्कूल कोड़ेनार नंबर-1, किरंदुल के स्काउट एवं गाइड विद्यार्थियों ने भारतीय सैनिकों के सम्मान में विशेष पहल करते हुए ‘ऑपरेशन सिपाही, रक्षा सूत्र’ अभियान के तहत राखियां तैयार की हैं। छात्रों द्वारा बनाई गई ये राखियां सीमा पर तैनात जवानों तक भेजी जाएंगी।
इस अभियान के तहत विद्यार्थियों ने प्रेम और सम्मान के प्रतीक के रूप में करीब 113 राखियां तैयार कीं। इन राखियों के साथ एक चुटकी मिट्टी और सिंदूर भी भेजा जाएगा, जो देश की मिट्टी और मातृभूमि के प्रति सम्मान का प्रतीक है। इसके अलावा जवानों के लिए शुभकामना संदेश भी शामिल किए गए हैं।
राखी निर्माण कार्य में विद्यालय के प्राचार्य श्रीमती उमा ठाकुर, गाइडर श्रीमती पुष्पा सिंह सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों ने सहभागिता निभाई। शिक्षकों ने बच्चों को राखियां बनाने में मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान किया।
विद्यालय परिवार ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य सीमा पर तैनात सैनिकों को यह एहसास कराना है कि त्योहारों के अवसर पर पूरा देश उनके साथ खड़ा है। विद्यार्थियों ने अपने हाथों से बनाई राखियों के माध्यम से जवानों के प्रति कृतज्ञता और सम्मान व्यक्त किया है।
यह अभियान छात्रों में देशभक्ति, सेवा भावना और सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक प्रेरणादायक प्रयास साबित हो रहा है।